गिरावड़ मैडिकल कालेज के आंदोलनरत एमबीबीएस छात्रों को सीपीएम का समर्थन
कृषि मंत्री ओपी धनखड़ द्वारा कल छात्रों के साथ किए गए दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा
8 सितंबर 2019, 7:16 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन
हिसार। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के हरियाणा राज्य सचिव मंडल ने झज्जर के गिरावड़ मैडिकल कालेज के एमबीबीएस छात्रों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन करते हुए कृषि मंत्री ओपी धनखड़ द्वारा कल छात्रों के धरने और आमरण अनशन स्थल पर जाकर दुर्व्यवहार करने की कड़ी निंदा की है। पार्टी के राज्य सचिव सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि छात्रों की यह लूट और अंधेरगर्दी तीन साल से चल रही है परंतु राज्य सरकार ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की मैडिकल शिक्षा के निजीकरण का ही परिणाम है कि संचालक तो फीस के नाम पर भारी मुनाफे कमा रहे है परंतु विद्यार्थियों को न्यूनतम सुविधाएं तक प्राप्त नहीं हो रही हैं। इस कॉलेज में भी तीन-तीन साल तक विद्यार्थी भविष्य को लेकर अनिश्चितता के शिकार हैं। पार्टी ने मांग की है कि सरकार इन बारे तुरंत हस्तक्षेप करे और मैडिकल कालेज को या तो एम.सी.आई. की मान्यता मिले अन्यथा विद्यार्थियों को दूसरे मान्यताप्राप्त मैडिकल कालेज में समायोजित करें। बता दें कि मैडिकल कालेज के छात्र और छात्राएं पिछले एक सप्ताह से झज्जर के श्रीराम पार्क में धरना और आमरण अनशन पर हैं। इस कालेज में छात्रों का दाखिला हुए तीन साल के करीब हो चुके हैं और हर विद्यार्थी 20 से 30 लाख रुपए फीस भर चुका है परंतु कालेज को अभी तक मैडिकल कांऊसिल आफ इंडिया की तरफ से मान्यता नहीं मिली है। इससे विद्यार्थियों की डिग्री पर प्रश्र चिह्न लग गया है जिसकी चिंता में वे आंदोलनरत हैं।


0 Comments