हरियाणा महाभारत-2019 : पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनावी ताल ठोंकने वाले तेज बहादुर जेजेपी में शामिल, अब खट्टर के खिलाफ लड़ सकते हैं चुनाव
29 सितंबर 2019, 5:18 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज/गौरव सोनी कोटली
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी में चुनावी ताल ठोंककर चर्चा में आए पूर्व सैनिक तेज बहादुर ने आज जेजेपी का दामन थाम लिया। पार्टी सुप्रीमो दुष्यंत चौटाला ने पार्टी का पटका पहनाकर उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। कयास लगाए जा रहे हैं कि तेज बहादुर करनाल विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं। बता दें कि वाराणसी से पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बीएसएफ के बर्खास्त सिपाही तेज बहादुर यादव की जिंदगी उठापटक वाली रही है। तेजबहादुर अपनी नौकरी ही नहीं, युवा बेटे को भी खो चुके हैं। वर्दी पहनकर सैनिकों को मिलने वाले भोजन की आलोचना करने के चलते तेज बहादुर को बर्खास्त कर दिया गया था।18 जनवरी 2019 को रेवाड़ी के शांति विहार स्थित घर में उनके 22 वर्षीय बेटे रोहित की मौत हो गई थी। रोहित दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ता था। घटना वाले दिन तेजबहादुर प्रयागराज कुंभ गए थे। पुलिस ने रोहित के हाथ से पिस्टल बरामद की थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला माना था। सेना में रहते हुए उन्होंने खाने की गुणवत्ता को लेकर वीडियो बनाया था जो खूब वायरल हुआ। तेज बहादुर को 2017 में बीएसएफ से मुक्त कर दिया गया था। उन्हें सीनियर का आदेश न मानने, ड्यूटी के दौरान दो फोन रखने और वर्दी में तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने का दोषी पाया गया था।


0 Comments