फेस-टू-फेस : भाजपा ने 5 साल दिखाया मदारी का खेल, अब जनता बनाएगी इनकी रेल : होशियारी लाल


साक्षात्कार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता व सिरसा सीट से टिकट के दावेदार होशियारी लाल शर्मा से हरियाणा मीडिया जंक्शन की खास बातचीत

फेस-टू-फेस : भाजपा ने 5 साल दिखाया मदारी का खेल, अब जनता बनाएगी इनकी रेल : होशियारी लाल 

             इस बार वोट की चोट से कटेगा भाजपा का चालान 

चौटाला परिवार का गढ़ कहे जाने वाली सिरसा विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला बड़ा ही दिलचस्प होने के आसार हैं। कांग्रेस इस बार इस सीट पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा को चुनावी जंग में उतारने की तैयारी में है। होशियारी लाल शर्मा ने भी सभी दलों के उम्मीदवारों को धूल चटाने के लिए खास रणनीति तैयार की है। सिरसा विधानसभा सीट पर क्या हंै चुनावी समीकरण, क्या है मतदाताओं का मूड व क्या है कांग्रेस की तैयारी। हरियाणा मीडिया जंक्शन ने इन तमाम बिंदुओं पर होशियारी लाल शर्मा से खास बातचीत की। पेश हैं हरियाणा मीडिया जंक्शन के संपादक संदीप कम्बोज व सिरसा ब्यूरो चीफ गौरव सोनी कोटली से उनकी बातचीत के कुछ मुख्य अंश:-

हरियाणा मीडिया जंक्शन। गौरव सोनी कोटली  
28 सितंबर 2019, 11:25 PM 

सवाल : पार्टी आपको ही टिकट क्यों दे जबकि हल्का में तो कई नेता टिकट की दौड़ में हैं। 
जवाब : मैं पार्टी के लिए पिछले 45 साल से लगातार संघर्ष करता आ रहा हूं। पार्टी का कर्मठ, जुझारू व अग्रिम पंक्ति का कार्यकर्ता हूं। सरसा के लोगों की हर लड़ाई में मैं साथ खड़ा रहा हूं। मैंने अनेक बार पैदल यात्राएं की, कई बार जेल भी गया। सरकारी कर्मचारियों के हक के लिए आंदोलन करता आया हूं। पिछले 45 साल से जनता के बीच में हूं और हर गली-मोहल्ले में लोगों के सुख-दु:ख में साथ रहा हूं। इस लिहाज से टिकट का प्रबल दावेदार तो मैं ही हूं।

सवाल : मनोहर सरकार के 5 साल के काम को किस नजरिए से देखते हैं 
जवाब : भाजपा ने पिछले 3 साल में जनता को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाए हैं। पिछले चुनाव में 154 वादे किए थे जिनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा ने सिवाय झूठ के कुछ नहीं किया। न हरियाणा में कोई विकास हुआ और न केंद्र में। भाजपा ने पांच साल में जनता को सिर्फ मदारी का खेल दिखाया है जैसे मदारी बच्चों को डुगडुगी बजाकर खेल दिखाता है, सिर्फ वहीं काम भाजपा ने किया है, इससे ज्यादा कुछ नहीं। एकदम निक्कमी सरकार है, हर जगह फेल। भाजपा ने प्रदेश के हर वर्ग किा गुमराह किया। 2014 में चुनाव से पहले कहते थे कि सभी के खाते में 15-15 लाख आएंगे, क्या आए? कहते थे स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करेंगे, क्या की ? किसान जितना भाजपा राज में परेशान हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ। पानी की टंकियों पर चढ़कर तो फसल बीमा की रकम मांगनी पड़ती है, इससे ज्यादा अच्छे दिन और भला कैसे आएंगे? ये जनता के चालान काट रहे हैं और वही जनता वोट की चोट से भाजपा का चालान काटकर सत्ता से बाहर करेगी।

सवाल : सिरसा में तो हलोपा पार्टी भी मैदान में है, क्या उसका कोई वजूद है? 
जवाब : सिरसा का विकास न गोपाल कांडा ने किया और न ही मक्खन लाल सिंगला ने। और न ही ये लोग जनता के सुख-दुख में कभी शामिल हुए। अब सिरसा की जनता इनसे जवाब मांग रही है,जिसका इनके पास कोई जवाब नहीं है। लोग पूछ रहे हैं कि आप पांच सल कहां रहे?


सवाल : भाजपा दावा कर रही है कि उनक कार्यकाल में नौकरियों में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती गई है, आप क्या कहेंगे ?
जवाब : कहाँ है पारदर्शिता, सिर्फ और सिर्फ पारदर्शिता का ढ़िंढ़ोरा पिटा जा रहा है। भाजपा राज में कोई काम बिना रिश्वत के नहीं हो रहा। एचएसएससी का जो चेरयरमैन तक भर्तियों में गड़बड़ी करते पकड़ा गया, उसे फिर लगा दिया। रिश्वतखोरी सरेआम चल रही है, कोई रोक-टोक नहीं है। नशा गली-गली बिक रहा है। चिट्टे ने युवाओं को बर्बाद कर डाला है। इस वक्त नशा रोकना बहुत ही जरूरी है, इसे हम भाईचारे से रोकेंगे।

सवाल :  यदि टिकट मिला तो चुनाव घोषणा पत्र में किन-किन बिंदूओं को शामिल करेंगे, सिरसा के लिए कोई ड्रीम प्रोजेक्ट क्या रहेगा आपका ?
जवाब : सिरसा के लिए मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल व औद्योगिक हब का निर्माण कराना रहेगा। ताकि जिले के मरीजों को जयपुर, बीकानेर व दिल्ली, गुरुग्राम जैसे शहरों में इलाज के लिए न जाना पड़े और युवाओं को अपने शहर में ही रोजगार के साधन उपलब्ध हों। आप देखिए, पिछले 5 साल में प्रदेश में एक भी बड़ी इंडस्ट्री नहीं आई। जीएसटी व नोटबंदी की वजह से छोटे उद्योग बंद हो गए। तो मेरा पहला प्रयास इंडस्ट्री को लाना व युवाओं को रोजगार व नौकरी दिलवाना ही रहेगा। हर गांव की माटी से अच्छे खिलाड़ी पैदा हों, इसके लिए हर गांव में खेल स्टेडियम बनवाएंगे।

सवाल : और यदि आपको टिकट ना मिल तो क्या आप फिर भी चुनाव लड़ेंगे ?
जवाब : मुझे पक्का भरोसा है कि टिकट तो मुझे हर हाल में मिलेगी क्योंकि जनता का प्यार भी बेशुमार मिल रहा है।

सवाल : विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए क्या संदेश देना चाहेंगे?
जवाब : हम प्रदेश की जनता को आश्वस्त करते हैं कि भाजपा की तरह कोई भी झूठा वादा नहीं करेंगे, इसलिए कांग्रेस उम्मीदवारों को विजयी बनाकर कांग्रेस की सरकार बनएं। हम वादा करते हैं कि कांग्रेस की सरकार आने पर बुढ़ापा पेंशन एक ही झटके में 5 हजार रूपए कर देंगे, भाजपा की तरह लटका-लटका कर नहीं। पेंशन बनवाने के लिए कानून को भी बदलेंगे। सिरसा को अति सुंदर बनाएंगे। पहले वाले नेता सिरसा को पेरिस बनाने की बात करते थे, लेकिन मैं ऐसा वादा नहीं करुंगा क्योंकि झूठ कांग्रेस की फितरत में नहीं है। सिरसा में पेयजल व्यवस्था के साथ-साथ आवारा पशुओं की समस्या से भी निपटा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments