साक्षात्कार : भाजपा के पास ऐसी मशीन जिसमें अवगुण भरे लोग भी बन जाते हैं गुणवान : रोहित गनेरीवाल


फेस-टू-फेस : जननायक जनता पार्टी के सिरसा जिलाध्यक्ष रोहित गनेरीवाल से हरियाणा मीडिया जंक्शन की खास बातचीत 

हरियाणा विधानसभा चुनावी महाभारत में जननायक जनता पार्टी पहली बार नए वादों और युवा चेहरों की फौज के साथ मैदान-ए-जंग में उतरी है। पार्टी का दावा है कि हरियाणा में इस बार जननायक जनता पार्टी की ही सरकार बनने जा रही है क्योंकि प्रदेशवासी भाजपा के झूठे वादों से तंग आ चुके हैं और उसे सबक सीखाना चाहते हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हरियाणा मीडिया जंक्शन ने जननायक जनता पार्टी के सिरसा जिला अध्यक्ष रोहित गनेरीवाल से खास बातचीत की। उन्होंने भी बड़ी ही बेबाकी से अपनी राय रखी। पेश है हरियाणा मीडिया जंक्शन के संपादक संदीप कम्बोज व सिरसा ब्यूरो चीफ गौरव सोनी कोटली संग रोहित गनेरीवाल की बातचीत के कुछ मुख्य अंश :-

 भाजपा के पास ऐसी मशीन जिसमें अवगुण भरे लोग भी बन जाते हैं गुणवान : रोहित गनेरीवाल 

 हरियाणा के नवनिर्माण के लिए इस बार युवा चेहरे को दें मौका




हरियाणा मीडिया जंक्शन। गौरव सोनी कोटली 
28 सितंबर 2019, 9:08 PM


सवाल : जेजेपी का यह पहला विधानसभा चुनाव है। तो क्या रिस्पोंस मिल रहा है। क्या आपको लगता है कि पार्टी पहली बार में कोई करिश्मा करने जा रही है। 
जवाब : जननायक जनता पार्टी को जिला सरसा की सभी पांचों विधानसभा सीटों समेत पूरे हरियाणा में बहुत ही जबरदस्त रिस्पोंस मिल रहा है। प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वादों से तंग आ चुकी है, इसको देखते हुए जनता ने इस बार भाई दुष्यंत चौटाला जी का साथ देने का मन बना लिया है। हम देख पा रहे हैं कि दुष्यंत के मेनिफेस्टो से प्रदेश का युवा वर्ग काफी प्रभावित है क्योंकि भाजपा सरकार ने पिछले 5 साल में रोजगार का पूरी तरह से बेड़ा गर्क करके रख दिया है। एमए, बीएड पास युवाओं को चपरासी की नौकरी दी जा रही है और एसडीओ जैेसे उच्च पदों पर बाहर के लोगों को भर्ती किया जा रहा है। तो प्रदेश की जनता भाजपा की हर चाल को अच्छी तरह से समझ चुकी है और इस बार भाजपा नेताओं के बहकावे में आने वाली नहीं है।

सवाल : मनोहर सरकार के 5 साल के काम को किस नजरिए से देखते हैं 
जवाब : हरियाणा के इतिहास में अब तक का यह सबसे बुरा व दुर्भाग्यपूर्ण कार्यकाल रहा है। प्रदेश की जनता ने विश्वास करके ही भाजपा को सत्ता में भेजा था लेकिन भाजपा ने विकास की बजाय प्रदेश का विनाश कर दिया।

सवाल : आप टिकट की रेस में नहीं हैं, यदि पार्टी आपको टिकट देती है तो क्या आप चुनाव लड़ेंगे। 
जवाब : जेजेपी का कर्मठ कार्यकर्ता हूं। पार्टी का जो भी आदेश होगा, उसकी अवश्य पालना की जाएगी।

सवाल  : वर्तमान विधायक के बारे में आपकी क्या टिप्पणी है, क्या उनके कार्य से संतुष्ट हैं?
जवाब : वर्तमान विधायक के काम से यदि सिरसा की जनता संतुष्ट होती तो मैं भी संतुष्ट होता। यदि कोई काम किया हो तो कोई संतुष्ट हो। 5 साल में वे न ही तो लोगों से मिले और न ही उनके दु:ख-दर्द को समझा। अब वे भाजपा में चले गए हैं, तो पूरी तरह से पाक-साफ हो गए हैं। शायद भाजपा के पास ऐसी कोई मशीन है जो उनकी पार्टी में शामिल होने वाले सभी अवगुण से भरे लोगों को गुणवान बना देती है।

सवालसिरसा के लिए पार्टी का ड्रीम प्रोजेक्ट क्या रहेगा 
जवाब : सिरसा की मेजर समस्या पेयजल और सीवरेज है। शहर समेत अनेक गांवों में पेयजल किल्लत है।  वहीं कई जगह सीवरेज ठप पड़े हैं। युवाओं के पास रोजगार नहीं है। जेजेपी सरकार बनने पर पेयजल-सीवरेज समेत आवारा पशुओं जैसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। पार्टी की मुख्य पहल सिरसा जिले का औद्योगिकीकरण करने की रहेगी। उद्योगों के नए-नए प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध हो सके।

सवाल : इनेलो से दूरियां बनाने की कोई खास वजह, चौटाला परिवार के बीच चले आ रहे पारिवारिक विवाद के बारे में क्या कहेंगे।
जवाब : ऐसा कोई घर नहीं, जिसमें झगड़ा ना होता हो। ये घर की लड़ाई नहीं है, ये वैचारिक लड़ाई है। इनेलो जननायक ताऊ देवी लाल के आदर्शों से भटक चुकी थी, इसलिए दुष्यंत जी ने अलग रास्ता अख्त्यिार किया। परिणाम हम सबके सामने है। मात्र 11 महीने में जेजेपी ने चौंकाने वाला मुकाम हासिल किया है। रोहतक रैली ताजा गवाह है कि किस तरह से दुष्यंत जी को आशीर्वाद देने जनसैलाब उमड़ पड़ा था। प्रगदेशवासियों को दुष्यंत के अंदर जनननायक ताऊ देवीलाल की छवि नजर आ रही है और रही बात इनेलो की तो उसे तो मीडिया भी राजनीतिक दल नहीं मानता। इनेलो के पास अब बचा भी क्या है, सभी विधायक, पदाधिकारी तो छोड़कर जा चुके हैं।

सवाल : जिला सिरसा की जनता के लिए क्या संदेश देना चाहेंगे?
जवाब : जिला सिरसा समेत समस्त प्रदेश की जनता से एक ही आग्रह करना चाहूंगा कि इस बार युवा चेहरे को मौका दें जो प्रदेश का नवनिर्माण कर सके। जिले के युवाओं से भी आग्रह कि नशे से बचें, अगर ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले समय में नस्लें खत्म हो जाएंगी। अगर सेहत है तो सब कुछ है। नशे के आदि युवाओं से यही गुजारिश यदि वे नशा छोड़ना चाहते हैं तो जेजेपी उनकी पूरी मदद करेगी। उनका नि:शुल्क इलाज करवाया जाएगा। इसके लिए हमने अभी से ही नशा मुक्ति कैंप की शुरुआत भी कर दी है। 

Post a Comment

0 Comments