तरक्की की उड़ान, हिसार छूने चला आसमान : एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने की तैयारी में हिसार एयरपोेर्ट
दुनिया के नक्शे पर चमकेगा हिसार का नाम, लगेंगे उद्योग, बढेंगे रोजगार के अवसर
अगले 5 साल में विकसित शहरों में होगी स्टील सिटी हिसार की गिनती
फिलहाल रोजाना चंडीगढ़ के दो चक्कर लगाएंगे स्पाइसजेट के सेवन सीटर विमान
जयपुर, दिल्ली, देहरादून व जम्मू की हवाई सेवाओं की भी मिली मंजूरी, जल्द होगी शुरुआत
एनवायरन्मेंट क्लीयरेंस मिलने के बाद जल्द उड़ेंगे 18 सीटर विमान
4 सितंबर 2019, 11:54 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो आने वाले कुछ सालों में हिसार केवल देश ही नहीं बल्कि दुनिया के नक्शे पर चमकता हुआ दिखाई देगा। हिसार एयरपोर्ट का इंटरनेशल एयरपोर्ट के रूप में विस्तार होने पर न केवल हिसार शिक्षा, उद्योग व रोजगार का हब बनकर उभरेगा बल्कि शहर की तरक्की की उड़ान को भी पंख लगेंगे। सरकार की मानें तो अगले 5 सालों में हिसार की गिनती हिन्दुस्तान के विकसित शहरों में होने लगेगी। एक और बड़ी उपलब्धि हिसार के नाम जुड़ने वाली है और वह है हिसार एयरपोर्ट के क्षेत्रफल की दृष्टि से एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने की। वर्तमान में एयरपोर्ट के नाम 4200 एकड़ जमीन है। इसके अलावा 3000 एकड़ अतिरिक्त जमीन भी जल्द एयरपोर्ट के नाम की जाएगी। तत्पश्चात इसे इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की सभी जरूरतें पूरी हो सकेंगी। यहां बड़े विमान लैंड कर सकेंगे, इसके लिए रनवे को 4000 फीट से बढ़ाकर 10 हजार फीट किया जाएगा। आगामी कुछ वर्षों में हम हिसार को दिल्ली एयरपोर्ट के विकल्प के रूप में विकसित करेंगे क्योंकि दिल्ली पर हवाई यातायात का दबाव बहुत अधिक है और हिसार एयरपोर्ट दिल्ली का सबसे निकटवर्ती एयरपोर्ट है। इसका लाभ यहां के छोटे-बड़े, सभी प्रकार के व्यापारियों को मिलेगा। भाजपा सरकार के इस मेगा प्रोजेक्ट का पहला चरण रिकॉर्ड समय में पूरा हो गया है। हिसार एयरपोर्ट को देश का पहला लाइसेंस्ड एयरपोर्ट होने का गौरव भी प्राप्त है। सीएम के मुताबिक जब हमने हिसार में एयरपोर्ट का सपना लिया था तो लोगों ने हमारा मजाक उड़ाया था लेकिन आज मैं भविष्य में साफ-साफ देख रहा हूं कि इसी एयरपोर्ट के कारण हिसार का नाम देश नहीं बल्कि दुनिया के नक्शे पर चमकेगा।
पहले चरण का काम पूरा, तीसरे चरण में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
अक्तूबर 2014 में भाजपा सरकार द्वारा संजोया गया सपना अब आकर पूरा हुआ है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने की दिशा में पहला चरण पूरा कर चुके हिसार की गिनती अगले पांच साल में देश के विकसित शहरों में होगी। हिसार से देश-विदेश के लिए हवाई जहाज उड़ान भरेंगे, जिसके कारण यहां विभिन्न प्रकार के नए बिजनेस व रोजगार शुरू होंगे। इसके दूसरे चरण में अगले डेढ़ से दो साल के भीतर यहां से देश के विभिन्न भागों के लिए उड़ान शुरू हो जाएंगी। इसके साथ ही यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा, फ्लाइट ट्रेनिंग आॅफिस तथा एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयरिंग एंड आॅवरहॉलिंग) हब भी खोले जाएंगे। एमआरओ सेवाओं के लिए अभी तक हवाई जहाजों को सिंगापुर व दुबई भेजना पड़ता था। इसके तीसरे चरण में 4-5 साल में इसे अंतर्राष्टÑीय हवाई अड्डे का स्वरूप प्रदान किया जाएगा। वर्तमान में यहां दो रनवे बनाए जा चुके हैं तथा 2 टर्मिनल बनाए जाएंगे।
हर साल तैयार होंगे 100 पायलट, 2 बेटियों को फ्री ट्रेनिंग
एनवायरन्मेंट क्लीयरेंस मिलने के बाद जल्द ही हिसार एयरपोर्ट से 18 सीटर विमान उड़ान भरेंगे। जयपुर, दिल्ली, देहरादून व जम्मू की हवाई सेवाएं भी यहां से जल्द शुरू की जाएंगी जिनके लिए अनुमति मिल चुकी है। एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट का बड़े स्तर का फ्लाइंग ट्रेनिंग आॅगेर्नाइजेशन भी शुरू हो रहा है। इस आॅगेर्नाइजेशन में हर साल कम से कम 100 कैडेट पायलेट को ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण के लिए हरियाणा के निवासी विद्यार्थियों को कुल सीटों के 10 प्रतिशत का आरक्षण तथा ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिला उम्मीदवारों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। हरियाणा की 2 बेटियों को फ्री ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी। स्पाइसजेट द्वारा यहां से ट्रेनिंग लेने वाले 70 प्रतिशत पायलेट ट्रेनीज को समायोजित किया जाएगा। जल्द ही दूसरी विमानन कंपनियां भी हिसार से अपनी सेवाएं शुरू करेंगी।
हिसार एयरपोर्ट पर बनेगा अंडरग्राउंड रेलवे स्टेशन, सुपरफास्ट ट्रेन से 90 मिनट में पहुंचेेंगे दिल्ली
मुख्यमंत्री ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट पर एमआरओ हब भी बनाया जाएगा जहां हवाई जहाजों की मेंटेनेंस व रिपेयर आदि का कार्य हो सकेगा। यहां 3 बड़े हैंगर बनाए जा चुके हैं जिससे इसे अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप मिल रहा है। उन्होंने बताया कि हिसार को एक और नई सौगात मिलने जा रही है। यहां पर दिल्ली-हिसार फास्ट रेल ट्रैक का निर्माण करवाया जा रहा है जिसके माध्यम से हिसार से दिल्ली पहुंचने में केवल 90 मिनट लगेंगे।



0 Comments