हिसार : डा. कमल गुप्ता बोले, शहर की मुंह बोलती तस्वीर पेश कर रहे हैं विकास कार्य


हिसार : डा. कमल गुप्ता बोले, शहर की मुंह बोलती तस्वीर पेश कर रहे हैं विकास कार्य 
मेला ग्राउंड सेक्टर में किया जनसंपर्क, शहरवासियों को दी नवरात्रि उत्सव की बधाई 


 29 सितंबर 2019, 1:43 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 
हिसार। नवरात्रि उत्सव के पावन पर्व के प्रथम दिवस पर भाजपा परिवार सभी शहरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई देता है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का इस पर्व से गहरा नाता है। इस पर्व का वास्तव में यही संदेश है कि नारी शक्ति स्वरूपा है। देवी है। यह बात आज विधायक एवं ब्यूरो आॅफ  पब्लिक इंटरप्राइजिज के चेयरमैन डा. कमल गुप्ता ने मेला ग्राउंड सेक्टर-21 में सेक्टरवासियों को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान भारी संख्या में सेक्टरवासी तथा पार्षद मनोहरलाल वर्मा, उमेद सिंह खन्ना व जयप्रकाश सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।  विधायक डा. कमल गुप्ता ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका सीधा लाभ आम जन को मिलना शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश में भ्रूण हत्या के कारण लगातार लड़कियों की संख्या कम हो रही थी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के कारण स्थिति में संतोषजनक सुधार हुआ है। यह सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है। केंद्र सरकार की उज्जवला योजना के तहत हर घर में रसोई गैस सिलेंडर पहुंच गए हैं। किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, रेहड़ी पटरीवाले, दुकानदारों, सरकारी कर्मचारियों व निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिएक सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाएं बनाई हैं। आयुष्मान योजना के तहत कोई भी गरीब परिवार सरकार की योजना का लाभ लेकर मुफ्त ईलाज करवा सकता है। डा. गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार में 70 हजार युवाओं को बिना किसी सिफारिश व बिना पैसे खर्च किए नौकरियां दी गई हैं। भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए गु्रप सी व डी की भर्तियों में इंटरव्यू सिस्टम पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। उन्होंने शहर की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा, वाशिंग यार्ड, एसटीपी प्लांट, शहर में फोनलेन सड़कों का जाल, तीसरा बड़ा जलघर व पार्कों का सौंदर्यकरण अहम उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि आज से पांच वर्ष पूर्व वाले शहर को याद करेंगे तो उसकी तुलना में आज का शहर अलग ही दिखाई देगा। जो शहर की मुंह बोलती तस्वीर पेश करता है। इस अवसर पर सेक्टर प्रधान विनोद तोसावड़, बलवान गुज्जर, ललित गोयल, ओमप्रकाश मंगला, महावीर वर्मा, भगत सिंह वर्मा, राजेंद्र लाम्बा, जयपाल डिपूवाला, राजकुमार इंदौरा, कुलदीप सोनी, सुरेश मिजार्पुर, दुलीचंद यादव, नरेश, हरि सिंह आदि भी मौजूद रहे।

गौ अभ्यारण के विकास में सहयोग करें शहरवासी : डा. कमल गुप्ता 
विधायक डा. कमल गुप्ता ने आज गांव ढंढूर स्थित गौ अभ्यारण का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला व विधानसभा संयोजक रामचंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान विधायक डा. कमल गुप्ता ने कहा कि गौ अभ्यारण बनने से शहरवासियों को बेसहारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से निजात मिली है। 2500 से अधिक गाय व बछियां, लगभग 1000 नंदी अब तक यहां लाकर रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि यद्यपि शहर अभी तक पूरी तरह से बेसहारा पशुओं से मुक्त नहीं हो पाया है। परंतु हमारा प्रयास है कि शहर पूरी तरह से बेसहारा पशुओं से मुक्त हो। उन्होंने बताया कि यहां सत्संग भवन बनने से लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है। यहां बच्चों के लिए प्ले कार्नर बनाया जाना प्रस्तावित है, जो शहर के लोगों को गौ अभ्यारण से जोड़ेगा। उन्होंने शहरवासियों से गौ अभ्यारण के विकास में सहयोग करने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments