हिसार : वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जनहित घोषणाओं के लिए सीएम का जताया आभार


हिसार : वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जनहित घोषणाओं के लिए सीएम का जताया आभार 

 12 सितंबर 2019, 11:08 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा बुधवार को अलग-अलग वर्गों के लिए की गई 14 महत्वपूर्ण घोषणाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से लेकर वेतन, भत्तों और सब्सिडी से जुड़ी घोषणाओं के जरिए हर वर्ग को लाभ पहुंचाने का काम प्रदेश सरकार ने किया है।कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जीएसटी के तहत पंजीकृत 3.86 लाख व्यापारियों के लिए दो बीमा योजनाएं शुरू करके कारोबारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सरकार सालाना 38 करोड़ रुपये का प्रीमियम अदा करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री व्यापारी निजी दुर्घटना बीमा के अंतर्गत व्यापारी का 5 लाख रुपये का बीमा कवर होगा। इसके अलावा क्षतिपूर्ति बीमा के तहत संस्थानां में चोरी, भूकंप, बाढ़, आगजनी से नुकसान की भरपाई हो सकेगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेश में व्यापारी वर्ग निर्भय होकर कार्य कर सकेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मिड-डे-मील कर्मियों को भी मुख्यमंत्री परिवार समृद्घि योजना में शामिल करते हुए इनके बैंक खातों में सालाना 6 हजार रुपये भिजवाने की घोषणा की है। इसी प्रकार आयुष्मान भारत योजना में 10 लाख और परिवारों को शामिल किया जाएगा, आंगनवाड़ी कार्यकतार्ओं का मानदेय महंगाई दर के हिसाब से बढ़ाया जाएगा, अतिथि अध्यापकों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। ग्रामीण चौकीदारों का 12.5 प्रतिशत पीएफ काटकर इतनी ही राशि सरकार द्वारा जमा करवाई जाएगी तथा मनोहर ज्योति योजना के तहत प्रदेश की 16700 ढाणियों को रोशन किया जाएगा जहां अभी तक बिजली नहीं पहुंची है।

हर वर्ग के हित की चिंता करने वाली सरकार 
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि इनके अलावा प्रदेश में कार्यरत 5 हजार ट्यूबवेल आॅपरेटरों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारियों, पाल गड़रिया समाज, दिव्यांगों, शुगर मिल के कच्चे कर्मचारियों तथा पैक्स सोसायटियों के कर्र्मचारियों के हित में भी अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं जिनसे इन सभी वर्गों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार हर वर्ग के हित की चिंता करने वाली सरकार है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सबका साथ-सबका विकास की नीति पर काम करते हुए हर वर्ग की भलाई की नीतियां लागू की हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया है।

Post a Comment

0 Comments