बाहरी लोगों को चुनने का खामियाजा भुगत रहा है आदमपुर, लोस चुनाव में झूठे वादे व मोदी के नाम पर लिए गए वोट : कुलदीप बिश्नोई




 बाहरी लोगों को चुनने का खामियाजा भुगत रहा है आदमपुर, लोस चुनाव में झूठे वादे व मोदी के नाम पर लिए गए वोट : कुलदीप बिश्नोई 
बोले, चौ. भजनलाल जब सीएम थे तो लोग उनका कुर्ता खींचकर करवा लेते थे काम 


15 सितंबर 2019, 5:37 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
आदमपुर। कांग्रेस केन्द्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा नेताओं के वादे और दावे सिर्फ चुनावी हैं। चुनाव के बाद इन्हें न तो आदमपुर याद आएगा और न ही यहां के लोगों की समस्याएं। वे आज जनसंपर्क अभियान के चरण में मलापुर,न्योली खुर्द, काजला, सदलपुर व लाखपुल में ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति पिछले लोकसभा चुनाव में झूठे वादे और मोदी के नाम पर आपसे वोट ले गया, जिसका चेहरा तक आप लोग नहीं जानते थे। जो कभी यहां आया नहीं। बाहरी लोगों को चुनने का खामियाजा जनता भुगत रही है। सांसद सरेआम कह रहा है कि बिजली, पानी देना उनका काम नहीं। मुख्यमंत्री सरेआम लोगों की गर्दन काटने की धमकी दे रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि चौ. भजनलाल जब मुख्यमंत्री थे तो लोग उनका कुर्ता खींचकर काम करवा लेते थे। सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेताओं को न तो लोगों की समस्याएं दिख रही हैं और न ही घमंड उनके सिर से कम हो रहा है। जनता ऐसे लोगों को आगामी चुनाव में सबक सिखाएगी। आदमपुर हलके की जनता एकजुट होकर अपने घर को मजबूत करेगी और विपक्षियों को वोट की चोट से यहां ये बाहर का रास्ता दिखाएगी।

ग्रामीणों की समस्याएं सुन मौके पर ही की अफसरों से बात 
जनसंपर्क अभियान के दौरान आज कुलदीप बिश्नोई ने मलापुर,न्योली खुर्द, काजला, सदलपुर, लाखपुल में अनेक कार्यक्रमों में भाग लिया तथा हलका वासियों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात की। मलापुर, काजला, न्योली, दुर्जनपुर के ग्रामीणों ने कुलदीप को बताया कि सरकार की उपेक्षा के कारण यहां पीने के पानी के लिए लोग तरस गए हैं। नहरी सिंचाई पानी की घोर किल्लत के कारण जहां फसलें सूख रही हैं। एक ओर बुड़ाक के धरनारत ग्रामीण सरकार की वादाखिलाफी से तंग आकर अपने गांव को राजस्थान में शामिल होने की मांग करने पर मजबूर हैं, वहीं हलके के लगभग सभी गांवों में सरकार लोगों को पर्याप्त पेयजल भी उपलब्ध नहीं करवा पा रही। बिजली के बेमियादी कटों ने लोगों का जीवन बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। जो सरकार लोगों को बिजली, पानी, सीवरेज जैसी मूलभूत जरूरतें ही उपलब्ध नहीं करवा पा रही हो, उस सरकार से विकास की उम्मीद करना बेमानी है।

आदमपुर का स्वर्णिम दौर लाना है तो मुझे मजबूती दें : कुलदीप बिश्नोई 
कुलदीप बिश्नोई ने हलका वासियों से साथ देने का आह्वान करते हुए कहा कि इलाके के स्वर्णिम को दौर वापिस लाने के लिए आप लोग मुझे मजबूती दें। आपणे घर, आपणे इलाके का भला सिर्फ घर का आदमी ही कर सकता है जो लोग आज आपके बीच बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं इनसे पूछना की पिछले पांच सालों में इन्होंने आदमपुर के लिए क्या किया है? केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद कितने काम आदमपुर में इन्होंने करवाए। उन्होंने कहा कि भजनलाल परिवार और आदमपुर एक दूसरे की पहचान हैं। इस पहचान को खत्म करने के लिए विरोधी साजिश रच रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments