हरियाणा :विकास कार्यों में गड़बड़झाला कर सरकारी माल डकारने वालों की अब शामत, विकास कार्यों का होगा सोशल आडिट


हरियाणा :विकास कार्यों में गड़बड़झाला कर सरकारी माल डकारने वालों की अब शामत, विकास कार्यों का होगा सोशल आडिट  
     समाज के प्रबुद्ध लोग करेंगे विकास कार्यों का आडिट, लागू होगा सोशल आडिट सिस्टम 

15 सितंबर 2019, 5:52 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
पंचकूला। विकास कार्यों में गड़बड़ी करके सरकारी माल डकारने वालों के लिए बुरी खबर है। हरियाणा में अब विकास कार्यों का सोशल आडिट सिस्टम लागू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि विकास कार्यों का आडिट समाज के प्रबुद्ध लोगों से हो इसके लिये सोशल आडिट सिस्टम लागू किया जायेगा, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों, अध्यापकों, इंजीनियर या किसी अन्य प्रकार की विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाली विभूतियों को शामिल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसके लिये अलग से एक स्वैछिक विभाग का गठन किया जायेगा। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र पर हरियाणा सरकार तेजी से कार्य कर रही है तथा इसके आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर में भी किया जायेगा। उन्होंने न्यायमूर्ति एचएस भल्ला के प्रयासों की सराहना की कि सेवानिवृति के बाद भी वे एनआरसी डाटा का अध्ययन करने के लिये असम के दौरे पर जा रहे है। उन्होंने कहा कि यह सरकार के लिये भी एक तरीके से बेहतर होगा और भल्ला की सेवायें राज्य में स्थापित किये जाने वाले एनआरसी के लिये उपयोगी होंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ कानून बहुत पुराने हो गये है, उन्हें बदलने की भी आवश्यकता है। उदाहरण के लिये वन विभाग का पीएलपी एक्ट ऐसा है, जिसमें बदलाव जरूरी है। हरियाणा सरकार ने इसमें संशोधन भी किया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार अनुछेद 370 व धारा 15ए अखंड भारत के निर्माण में लगभग 70 व 72 वर्षों से अडचन बनी हुई थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरकार के दूसरे कार्यकाल में संशोधित कर दिया है। पूरे भारत में इसकी प्रशंसा हो रही है। लैफ्निेट जनरल बीएस जयसवाल ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि संविधान का अनुछेद 51 नागरिकों का देश के प्रति क्या कर्तव्य होना चाहिए इसकी व्यांख्या देता है परंतु कोई भी सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान हमें मौलिक अधिकारों के साथ साथ क्या देश के प्रति हमारे कर्तव्य है, इसकी भी जानकारी देता है। नागरिकों को अधिकारों की तरह अपने कर्तव्यों के प्रति भी संवेदनशील होना चाहिए।

ढ़ाई करोड़ लोगों को अपना परिवार मानकर पारदर्शी तरीके से किया काम 
सीएम ने कहा कि संघ के प्रचारक के रूप में उनमें तो देश सेवा, राष्ट्र सेवा व समाज सेवा सर्वोंपरी है और पिछले पांच वर्षों से प्रदेश के ढाई करोड़ लोगों को अपना परिवार मानकर उन्होंने निष्ठाभाव व पारदर्शी तरीके से कार्य किये हैं और इसी कड़ी में उन्होंने पिछले दिनों में सभी 90 विधानसभाओं में जन आशीर्वाद की यात्रा से लोगों के साथ संपर्क किया और 8 सितंबर को स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहतक में प्रदेश के लोगों को संबोधित किया था। 

Post a Comment

0 Comments