हरियाणा महाभारत-2019 : हार से बचने के लिए स्टार प्रचारकों का सहारा, जानें भाजपा व कांग्रेस के स्टार प्रचारक कौन ?





हरियाणा महाभारत-2019 :  हार से बचने के लिए स्टार प्रचारकों का सहारा, जानें भाजपा व कांग्रेस के स्टार प्रचारक कौन 

ज्यों-ज्यों चुनाव की घड़ी नजदीक आती जा रही है, त्यों-त्यों चुनावी जंग में उतरे उम्मीदवारों व राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज होती जा रही हैं। 21 अक्तूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन का दौर अब खत्म हो गया है। सभी पार्टियों के योद्धा मैदान में आ चुके हैं। चुनावी रण में उतरा हर योद्धा विजय चाहता है, चाहे वह जिस दाम मर्जी मिले। जीत के लिए हर तरह का जोड़-तोड़ लगाया जा रहा है। सभी पार्टियों व उम्मीदवारों के लिए अगले 14 दिन बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि 19 अक्तूबर को तो चुनाव प्रचार पर विराम ही लग जाएगा। जितना शक्ति प्रदर्शन करना है या मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट देने के लिए जो भी जुगत लगानी है उसके लिए मात्र दो ही हफ्ते शेष बचे हैं। इसलिए तो नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के साथ-साथ ही भाजपा, कांग्रेस समेत तमाम दलों ने अपने स्टार प्रचारकों के नाम का ऐलान कर दिया है जो प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर जाकर चुनावी रैलियां कर अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट की अपील करेंगे। 

5 अक्तूबर 2019, 9:58 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 
चंडीगढ़/हिसार। हरियाणा की चुनावी जंग को फतह करने के लिए भाजपा-कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दल स्टार प्रचारकों के सहारे हैं। भाजपा जहां 40 स्टार प्रचारकों की फौज हरियाणा की धरती पर उतारने जा रही है वहीं कांग्रेस ने भी 40 स्टार प्रचारकों के नाम का ऐलान किया है। भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व रक्षामंत्री राजनाथ समेत सभी भाजपा राज्यों के सीएम व अन्य वरिष्ठ नेता हैं वहीं कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत पार्टी के तमाम बड़े नेता शामिल हैं। भाजपा ने हरियाणा के चुनाव प्रचार से राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को बाहर कर दिया गया और उनकी जगह केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्टार प्रचारकों की सूची में 11वां स्थान मिला है। हरियाणा की कई विधानसभा सीटें राजस्थान बॉर्डर से सटी हुई हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि वसुंधरा राजे को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह मिलेगी, लेकिन लिस्ट में उनका नाम नहीं है और उनकी जगह केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है. हालांकि पिछले साल राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव के समय से ही वसुंधरा राजे और गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच रिश्ते सामान्य नहीं रहे और तल्खी देखी गई। वहीं कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत 40 दिग्गज नेताओं को जगह दी गई है. बगावती तेवर अपनाने वाले राज्य कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर का नाम भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल है। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में गांधी परिवार के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हैं। राज्य कांग्रेस के नेताओं की बात करें तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा के अलावा किरण चौधरी, रणदीप सुरजेवाला, कुलदीप बिश्नोई और कुलदीप शर्मा को भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शुमार किया गया है। लिस्ट में सबसे ज्यादा हैरान करने वाला नाम अशोक तंवर का ही है. पिछले महीने अशोक तंवर को कुमारी शैलजा के हाथों राज्य कांग्रेस का अध्यक्ष पद गंवाना पड़ा था. इसके बाद से ही अशोक तंवर बागी तेवर अपनाए हुए हैं. अशोक तंवर ने दो दिन पहले अपने सर्मथकों के साथ दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था। अशोक तंवर का आरोप है कि उनके समर्थकों को टिकट बंटवारे में नजरअंदाज किया गया है। इसके अलावा अशोक तंवर हरियाणा कांग्रेस को हुड्डा कांग्रेस में बदले जाने जैसे आरोप भी लगा चुके हैं। गुरुवार को अशोक तंवर ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देने का भी एलान किया था। बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नॉमिनेशन अप्लाई करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होना हैं। 24 अक्टूबर को चुनाव आयोग सभी 90 सीटों के नतीजे घोषित करेगा।


ये हैं भाजपा के चुनाव स्टार प्रचारक
नरेंद्र मोदी   अमित शाह  जगत प्रकाश नड्ढ़ा      राजनाथ सिंह
नीतिन गडकरी  बीएल संतोषी  अनिल जैन       थावरचंद गहलोत
नरेंद्र तोमर   भूपेंद्र सिंह योगी आदित्यनाथ        केशव प्रसाद मौर्या
शिवराज चौहान   पियूष गोयल स्मृति इरानी        मनोहर लाल खट्टर
सुभाष बराला सुरेश भट्ट शहनवाज हुसैन        त्रिवेंद्र सिंह रावत
हंसराज हंस अनुराग ठाकुर गजेंद्र सिंह शेखावत       राव इंद्रजीत सिंह
बृजेंद्र सिंह         कृष्णपाल गुर्जर  रत्नलाल कटारिया राम बिलास शर्मा
संजय भाटिया सुनीता दुग्गल   सत्यपाल सिंह        सन्नी देओल
हेमा मालिनी सतपाल महाराज संजीव बालियान मनोज तिवारी
रविकिशन जलराम ठाकुर    विनोद सोनकर शास्त्री  तरूण चुघ


ये हैं कांग्रेस के चुनाव स्टार प्रचारक 
सोनिया गांधी मनमोहन सिंह राहुल गांधी        प्रियंका गांधी
गुलाम नबी आजाद  अहमद पटेल अमरिंदर सिंह        अशोक गहलोत
कमलनाथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा कुमारी सैलजा         भूपेश बघेल
अशोक तंवर आनंद शर्मा ज्योतिरादित्य सिंधिया अजय सिंह यादव
किरण चौधरी रणदीप सूरजेवाला कुलदीप बिश्नोई         दीपेंद्र सिंह हुड्डा
सलमान खुर्शिद कुलदीप शर्मा प्रमोद तिवारी         राजीव शुक्ला
राज बब्बर       सुनील जाखड़ विजय इंदर सिंगला        सचिन पायलट
राजेंद्र यादव देवेंद्र यादव उदित राज         पवन खेड़ा
इमरान पीएल पूनिया मुकेश अग्निहोत्री कुलदीप सिंह राठोड़
राजा रामपाल प्रदीप जैन आदित्य नगमा मोरारजी हरेंद्र मलिक

Post a Comment

0 Comments