हरियाणा महाभारत-2019 : जल्द आने वाला है भाजपा व कांग्रेस का घोषणा पत्र, जानें क्या होगा खास


हरियाणा महाभारत-2019 : जल्द आने वाला है भाजपा व कांग्रेस का घोषणा पत्र, जानें क्या होगा खास 

6 अक्तूबर 2019, 2:31 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 

चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया खत्म हो चुकी है और अब सभी दल अपने घोषणा पत्र व संकल्प पत्र जारी करने की तैयारी में हैं। भाजपा जहां 10 या 11 अक्टूबर को अपना संकल्प पत्र जारी कर सकती है, वहीं कांग्रेस भी इसी सप्ताह घोषणा पत्र ला सकती है। सूत्रों के अनुसार भाजपा बुढ़ापा पेंशन को बढ़ाकर 3000 रुपए प्रति माह करने को संकल्प पत्र में शामिल कर सकती है, वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा आदि पर अधिक जोर देने का विचार है। संकल्प पत्र कमेटी ने अपनी रिपोर्ट बनाकर सीएम मनोहर लाल को सौंप दी है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के अनुसार संकल्प पत्र पर केंद्रीय नेतृत्व भी विचार कर रहा है।

भाजपा के पास आए हैं 1.70 लाख सुझाव 
पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 154 वादे किए थे। अबकी बार संकल्प पत्र तैयार करने के लिए जनता से सुझाव मांगे गए थे, प्रदेश भर से करीब 1.70 लाख सुझाव आए, इनको करीब 2000 श्रेणियों में बांटा गया। कमेटी ने 200 सुझावों को संकल्प पत्र में शामिल किया। संकल्प-पत्र को 32 पेज का तैयार किया गया है। सूत्रों का कहना है कि कवर पेज पर पीएम और सीएम की फोटो है और 2019 से 2024 तक म्हारे सपनों का हरियाणा शीर्षक दिया गया है।

ऐसा होगा कांग्रेस का घोषणा पत्र 
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही अपने घोषणापत्र के साथ जनता के बीच होगी। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में 5000 रूपए पेंशन का भी ऐलान कर सकती है। कांग्रेस का घोषणापत्र पूरी तरह से व्यवहारिक होगा। मैनिफेस्टो लगभग फाइनल हो गया है। इसमें हर वर्ग के लिए योजनाएं होंगी। कर्मचारी जिन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उनमें भी कई मैनिफेस्टो में मिलेंगी। किसान, दलित, पिछड़ा समेत सभी वर्गों के लिए योजना में रखा गया है। यहां तक कि युवा, बुजुर्ग को लेकर भी कांग्रेस ने प्लानिंग की है। इसके अलावा हमें जनता को भाजपा की पांच साल की नाकामियां बताएंगे। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा की घोषणाओं से इनपुट लिया गया है।

Post a Comment

0 Comments