भाजपा : हरियाणा आ रही है स्टार प्रचारकों की फौज, पीएम मोदी 4 तो अमित शाह व राजनाथ करेंगे 12-12 रैलियां

भाजपा : हरियाणा आ रही है स्टार प्रचारकों की फौज, पीएम मोदी 4 तो अमित शाह व राजनाथ करेंगे 12-12 रैलियां 

18 केंद्रीय मंत्रियों सहित सभी भाजपा शासित प्रदेशों के सीएम भी करेंगे हरियाणा में चुनाव प्रचार

4 अक्तूबर 2019, 6:04 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज/ गौरव सोनी कोटली 
हिसार/सिरसा। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी जंग का मैदान अब सज चुका है। सभी दलों के लगभग सभी प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। चुनाव को लेकर असली शह-मात का खेल अब शुरु होने जा रहा है। भाजपा समेत तमाम दल स्टार प्रचारकों की फौज उतारने की तैयारी में है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार देश के प्रधानमंत्री मोदी खुद हरियाणा में 4 रैलियां करने वाले हैं। ये रैलियां अहीरवाल, जाटलैंड, जीटी रोड बेल्ट और पश्चिम हरियाणा में होंगी, ताकि सभी 90 विधानसभा सीटों को कवर किया जा सके। इसी कड़ी में हरियाणा के विधानसभा चुनाव में पूरा केंद्रीय नेतृत्व भी दिखाई देगा।गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा में 12 रैलियों को संबोधित करेंगे।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हरियाणा में 12 रैलियां करेंगे।वहीं हरियाणा के चुनावी रण में बीजेपी की केंद्र सरकार के 18 केंद्रीय मंत्रियों को उतारने का फैसला लिया गया है जो पूरे हरियाणा में बीजेपी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। अब केवल केंद्रीय नेतृत्व हरियाणा विधानसभा चुनाव की बागडोर अपने हाथ में नहीं लेगा, बल्कि सभी भाजपा शासित प्रदेशों के सीएम भी हरियाणा के अलग-अलग जिलों में डेरा डालेंगे।ताकि हर वर्ग के वोटरों को पार्टी के पक्ष में वोट डालने के लिए तैयार किया जा सके। कई फिल्मी सितारों के अलावा खेल जगत से जुड़ी हस्तियों को भी प्रचार के लिए मैदान में उतारा जाएगा। वहीं एक ओर हरियाणा बीजेपी मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में प्रचार कर रही है तो बीजेपी हाई कमान ने खट्टर सरकार को और ताकत देते हुए केंद्रीय नेतृत्व को भी चुनाव में उतार दिया है। इस बात का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन के लिए भी केंद्रीय मंत्री हरियाणा पहुंचे। इससे साफ जाहिर होता है कि बीजेपी अपने चुनावी प्रचार में किसी तरह की कमी नहीं रखना चाहती।

Post a Comment

0 Comments