- असंध : नाटक मंचन के जरिए बताए पराली जलाने के नुक्सान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
19 अक्तूबर 2019, 4:31 PM
राहुल पाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
असंध।कृषि एवं किसान कल्याण विभाग व हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति करनाल द्वारा जेपीएस अकादमी में कलाकारों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। देश के किसानों को एक लघु नाटक के माध्यम से फसलों के बचे अवशेष(पराली) ना जलाने का आह्वान किया गया। टैग नाटक मंच द्वारा किया गया नाटक जहरीला आकाश छात्र-छात्राओं को एक विशेष संदेश देकर गया। कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग करनाल से कृषि विस्तार सलाहकार डाॅ राजेन्द्र सिंह ने वातावरण को शुद्ध व धूंआ रहित बनाएं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग फसल अवशेष जलाने से रोकने के लिए भिन्न-भिन्न प्रकार के माध्यमों का प्रयोग कर रहा है। अवशेषों(पराली) में आग लगाने से जहां वातावरण प्रदूषित होता है, वहीं कई प्रकार की घातक बीमारियां भी इंसान को घेर लेती है। उन्होंने किसानों द्वारा फसल अवशेष जलाने को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए समाज के सभी वर्गो के सहयोग की आवश्यक्ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों का बहुत बार समाज में एक बदलाव का योगदान रहा है। कार्यक्रम मे बच्चो को फसल अवशेष जलाने के नुकसान बताते हुए उन्हें जलाने से रोकने के लिए जिद करने का आह्वान भी किया गया। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि कृषि विभाग द्वारा आधुनिक संसाधनों का प्रयोग करके खेती खर्च घटाएं और अधिक आमदनी पाएं। इस अवसर पर अकादमी के प्रबंधक योगेन्द्र राणा ने कृषि विभाग द्वारा नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का जो इतना अच्छा संदेश दिया, उसके लिए धन्यवाद किया। इस मौके पर नाटक मंच के प्रबंधक प्रवेश त्यागी, कलाकार सूरज कुमारी, राकेश शर्मा, कविता, अजय धीमान, दीपक कश्यप को बेहतरीन प्रस्तुति के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य मोहन सिंह ने भी उपस्थित स्कूली बच्चों के माध्यम से आमजन को अपील की और कहा कि पर्यावरण को शुद्ध रखने में सभी का सहयोग जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने छात्रों को स्वास्थ्य ही हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है तथा पर्यावरण को शुद्ध रखकर ही हम इसे प्राप्त कर सकते हैं, का विशेष संदेश दिया।


0 Comments