कुलदीप बिश्नोई ने अंग्रेजों के लगान से की चालान की तुलना, बोले ट्रेफिक नियमों के नाम पर किया जा रहा प्रताड़ित


कुलदीप बिश्नोई ने अंग्रेजों के लगान से की चालान की तुलना, बोले ट्रेफिक नियमों के नाम पर किया जा रहा प्रताड़ित 

6 अक्तूबर 2019, 3:03 PM


हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। केन्द्रीय कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि अंग्रेजों ने आम जनमानस को लूटने के लिए लगान लगाया था और भाजपा ने भी उसी तरह से चालान लगाया है, जिसके तहत टै्रफिक नियमों के नाम पर लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। न पर्याप्त पानी, न पर्याप्त बिजली लोगों को मिल रही, खराब फसलों का मुआवजा नहीं मिल रहा। डीजल, खाद, बीज के दामों में बेहताशा वृद्धि ने किसानों की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी बढ़ रही है और रोजगार घट रहे हैं। अर्थव्यवस्था न्यूनतम स्तर पर है, रूपए की कीमत घट रही है। ऐसे में प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी और  विकल्प के तौर पर कांग्रेस की सरकार राज्य में बनाएगी। वे आज सदलपुर, मंडी आदमपुर, कालीरावण, दड़ौली, बांडाहेड़ी में अनेक कार्यक्रमों में भाग लेने दौरान लोगों से बातचीत कर रहे थे। रेनुका बिश्नोई ने फ्रांसी, दुर्जनपुर, मोहबतपुर, घुड़साल में बूथ वाईज कार्यकत्र्ताओं की बैठक लेकर चुनाव बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए तथा भव्य बिश्नोई ने काबरेल, मंडी आदमपुर, आदमपुर गांव, लाईनपार तथा सलेमगढ़ में जनसंपर्क अभियान चलाकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान और चुनाव में अपने-पराए की पहचान करते हुए फैसला लेने का आह्वान किया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा की नीतियों से लोग तंग है और कांग्रेस की सरकार प्रदेश में देखना चाहते हैं। रोजगार के नाम पर युवाओं को परेशान किया गया। आदमपुर के युवा को परीक्षा के लिए यमुनानगर भेजा जा रहा है, फरीदाबाद के युवा को सिरसा भेजा जा रहा है। सभी जगह परीक्षार्थियों को दूर-दराज के क्षेत्रों में भेजकर मानसिक, शारीरिक तथा आर्थिक रूप से परेशान किया गया, जिस दौरान 10 युवाओं की जान भी चली गई। सरकारी भर्तियों के लिए होने वाली परीक्षा जिले के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में ही होनी चाहिए। हर मोर्चे पर भाजपा सरकार असफल है और कांग्रेस के प्रति लोगों में आस्था बढ़ रही है। आदमपुर हलके का चुनाव आदमपुर वासी वर्सेज अन्य के बीच होता है और हर बार इसमें आदमपुर ही जीतता है। इस बार भी हलके की जनता अपने-पराए की पहचान करते हुए अपने घर को मजबूत करेगी और बाहरी लोगों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments