अपील : धान की फसल पूरी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं किसान ताकि न हो कोई परेशानी

धान की फसल पूरी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं किसान ताकि न हो कोई परेशानी 
हरियाणा के डीजीपी पीके अग्रवाल ने किया आह्वान, अधिकारियों को एक-एक दाना खरीदने के निर्देश 


2 अक्तूबर 2019, 1:19 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
फतेहाबाद। किसान अपनी धान की फसल को पूरी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं ताकि उन्हें मंडी में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यदि अनाज में निर्धारित मात्रा में नमी होगी तो किसानों को उसे बेचने और उन्हें भुगतान में भी किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आएगी। हरियाणा के डीजीपी (क्राइम ब्रांच) पीके अग्रवाल रतिया, टोहाना में अनाजमंडी सहित विभिन्न खरीद केंद्रों का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मंडियों में शौचालय की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए मंडी में बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुचारू करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसान की फसल का एक-एक दाना खरीदना सुनिश्चित करें। इस कार्य में खरीद एजेंसिया व संबंधित अधिकारी अपने कत्र्तव्यों का पालन ईमानदारी व निष्ठा से करें। उन्होंने कहा कि मंडी में धान की फसल आने व उठान के लिए रास्ते साफ-सुथरें रखे और आवागमन के लिए उचित व्यवस्था करें। डीजीपी ने कहा कि कोई भी व्यापारी मंडी में धान से भरी ट्राली में झरना इत्यादि ना लगाएं। धान की फसल को ट्रैक्टर-ट्राली से उतार कर सुरक्षित स्थान पर रखें और बीच रास्ते में फसल को ना उतारें। उन्होंने व्यापार मंडल एसोसिएशन व मार्केट कमेटी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, खरीद एजेंसियों, मार्केट कमेटी व आढ़तियों से खरीद कार्यो बारे विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए समय रहते सभी आवश्यक प्रबंधों को पूरा करें और कानूनी व्यवस्था को मजबूत बनाएं रखें। डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अनाज मंडियों व सभी खरीद केंद्रों को स्वच्छ व साफ-सुथरा रखें और किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल व साफ सूथरे शौचालयों की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि तिरपाल, बारदाना तथा झरने आदि की उचित व्यवस्था करें। उन्होंने सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसान की फसल को निर्धारित उचित समर्थन मूल्यों पर खरीदे और उसके भुगतान में देरी ना करें। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे समय-समय पर अनाज मंडी का दौरा करे और जाम आदि की स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहें और किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न घटें इसके लिए पुलिस अपडेट रहें। उन्होंने यह भी कहा कि अनाज मंडियों के पास ही कंट्रोल रूम बनाएं और सभी मंडियों में सूचना पट्ट पर दूरभाष नंबर अंकित करें।

सभी खरीद केंद्रों पर की जाएगी निगरानी 
इस अवसर पर उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा ने बताया कि फतेहाबाद जिले में 7 बड़ी अनाज मंडिया है तथा 31 अनाज मंडियां व खरीद केंद्र है। उन्होंने कहा कि किसान की फसल की खरीद बारे सभी पुख्ता प्रबंध किए गए है और खरीद कार्यो को गंभीरता से लिया जाएगा। लापरवाही व ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जाएगी। सभी खरीद केंद्रों पर धान खरीद कार्य की निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि धान का उठान व भुगतान समय पर हो इसके लिए भी पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व व्यापार मंडल, मार्केट कमेटी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से कहा कि पंजाब से आने वाले धान की फसल पर प्रतिबंध लगाएं। मंडी में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments