सख्ती : 10 दिन में बंद होगा नशा तस्करी कारोबार, 15 दिन बाद बिजली की तारें झूलती मिली तो नपेंगे बिजली अधिकारी

सख्ती : 10 दिन में बंद होगा नशा तस्करी कारोबार, 15 दिन बाद बिजली की तारें झूलती मिली तो नपेंगे बिजली अधिकारी

कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में बिजली मंत्री, बोले गलत काम करने वाले किसी को नहीं बख्शेंगे
सार्वजनिक कार्यों की रहेगी प्राथमिकता, महीने भर में दिखने लगेगा काम का असर




22 नवंबर 2019, 6:48 AM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन

सिरसा। हरियाणा के बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि उनके विभागों से संबंधित कोई शिकायत नहीं रहने दी जाएगी। समस्याओं का जल्द व सरलता से समाधान हो, इस उद्ेश्य के साथ कार्य किए जाएंगे। सार्वजनिक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। विकास कार्यो में तेजी व विभागीय कार्यप्रणाली में बदलाव एक महीने में देखने को मिलेगा। वे सिरसा में अपने निवास स्थान पर लोगों से रूबरू हो रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के लिए आदेश दिए। लोगों ने मंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर सैंकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे। बिजली मंत्री ने कहा कि उनके काम करने का तरीका अलग है और इसका अंदाजा महीने भर में आने वाले बदलाव से लोगों को लग जाएगा। अधिकारियों को आगाह कर दिया है कि या तो वो काम करने का अपना ढंग बदल लें नहीं तो उनको बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी को कोई तकलीफ ना हो इसके लिए कार्य किया जाएगा और सार्वजनिक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाया जाएगा।


दस दिन में बंद होगा नशा बिकना
बिजली मंत्री ने कहा कि जिला में नशा एक बहुत बड़ी समस्या है और यह युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा बेचने पर पूर्ण रोक लगाना उनकी प्राथमिकताओं में से एक है। इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भी इसे लेकर गंभीर है और इसे लेकर उनसे बात की है। उन्होंने कहा कि दस दिन में सिरसा में नशा बंद होने का असर दिखाई देगा। यदि कोई नशा बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी नशा बेचने में संलिप्त पाया जाता है या नशा बेचने वाले की पैरवी करता पाया जाता है, तो उसको किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

15 दिन बाद नहीं दिखेंगी ढिली तारें व झुके हुए खंभे
बिजली मंत्री ने कहा कि बिजली की ढिली तारें, मकानों से गुजरने वाली तारें व टेडे खंभे सहित अनेकों बिजली से संबंधित समस्याएं हैं, जिन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। अधिकारियों को 15 दिन की अवधि का समय दिया गया है, जिसमें उन्हें ढिल्ली तारों को ठीक करने, मकानों से गुजरने वाली लाइनों को बदलने तथा टेडे खंभे को सीधा करने के आदेश दिए गए हैं। इसके बाद भी यदि कहीं से उक्त समस्याओं बारे शिकायत मिलती है, तो संबंधित अधिकारी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

खेतों को मिलेगी 8 की बजाए 10 घंटे बिजली
बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि यह समय बिजाई का है, इसलिए किसान को बिजली की अधिक जरूरत रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए खेतों में बिजली का समय 10 घंटे किया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से इसकी समय सीमा बढाई भी जा सकती है। किसानों को बिजली के संबंध में कोई शिकायत नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को विशेष रूप से हिदायत दी गई है।

मेरे महकमों से संबंधित नहीं रहेगी कोई शिकायत
चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि उन्हें जो महकमे दिए गए हैं, उनमें पूरे हरियाणा के लोगों के लिए प्राथमिकता से काम किया जाएगा। किसी को तकलीफ नहीं होने दी जाएगी। जेलों में जो व्यक्ति नेक व उसका व्यवहार ठीक है, उसे रिलिफ देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

लोगों की मेहनत से मिली बड़ी जीत
बिजली मंत्री ने कहा कि यह लोगों की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि मुझे इतनी बड़ी जीत मिली है और बाकी के सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। उन्होंने कहा कि आज यह मेरा पहला दौरा है।



Post a Comment

0 Comments