सिरसा में जोर पकड़ने लगी फूलों की खेती, जानें किस तरह मालामाल हो रहे किसान
16 नवंबर 2019, 7:41 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
सिरसा। एनजीओ आपसी के प्रयास रंग लाए और आज सिरसा में फूलों की खेती रफ्तार पकड़ने लगी है। जिलेभर में अनेक किसान फूलों की खेती को अपनाकर मालामाल हो रहे हैं। पर्यावरण को बचाने व स्वच्छता की दिशा में फूलों की खेती को बढावा देना और हर घर को फूलों के माध्यम से हरा भरा बनाने का एनजीओ का यह संकल्प सराहनीय है। इसके लिए डा. राम जी जयमल के नेतृत्व में एनजीओ आपसी की टीम बेहतर कार्य कर रही है जिससे दूसरे लोग भी प्रेरित हो कर फूलों की खेती को बढावा दे रहे हंै। अतिरिक्त मुख्य सचिव एसके गुलाटी ने बताया कि एनजीओ आपसी द्वारा गत वर्ष भी 12 करोड़ फूलों की विभिन्न किस्मों के पौधे वितरित किए गए थे। इस वर्ष आपसी संस्था का लक्ष्य 50 करोड़ से अधिक फूलों की पौध वितरित करने का है जिससे न केवल पर्यावरण स्वच्छ बने बल्कि फूलों की खेती की ओर आम नागरिक का रुझान भी बढेगा। उन्होंने कहा कि डा. राम जी जयमल पिछले 13 वर्षों से इस दिशा में निस्वार्थ भाव से फूलों की खेती कर निशुल्क पौधे वितरित कर रहे हैं। इसके साथ-साथ आमजन को भी इस दिशा में प्रेरित करने में लगे हुए हैं। आपसी संस्था से प्रेरित हो कर ही विभिन्न विभाग भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। संस्था द्वारा स्कूलों को हरा भरा बनाने व बच्चों को पर्यावरण का महत्व समझाने के उद्देश्य से हर वर्ष हजारों फूलों की पौध स्कूलों में भेजे जाते हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि पशुपालन विभाग हरियाणा द्वारा पशुओं को मुंहखुर व गलघोटू की बीमारी से बचाने के लिए एचएस प्लस, एफएमडी के 60 लाख टीके लगाए गए। पशुओं को एचएस प्लस व एफएमडी के टीके लगाने वाला हरियाणा पहला प्रदेश है। इन टीकों के माध्यम से पशुओं में न केवल मुंहखुर व गलघोटू जैसे बीमारियों पर अंकुश लगा बल्कि अन्य बीमारियों से भी निजात मिली है। दुधारु पशुओं को बढावा देने व नस्ल सुधार की दिशा में सरकार द्वारा कारगर योजनाएं लागू की गई है जिसके तहत पशुओं का बीमा व पशुपालकों को प्रेरित करने के लिए विभिन्न योजनाओं में अनुदान भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि पशु पालक भी पशुओं की बढिया देखभाल करें और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। विभाग द्वारा हर पशु का ध्यान नाम से एक मोबाईल एप लॉच की गई गई जिसके माध्यम से पशु पालक सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ अपने पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाने व अन्य जानकारी हासिल कर सकते हैं।


0 Comments