हरियाणा : नशे के खात्मे को खाप पंचायतों का सहयोग लेगी सरकार

हरियाणा : नशे के खात्मे को खाप पंचायतों का सहयोग लेगी सरकार




19 नवंबर 2019, 9:38 AM
 प्रवीन कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि नशा केवल हरियाणा की समस्या नहीं है बल्कि सभी उत्तरी राज्यों की समस्या है। इस दिशा में हरियाणा की पहल पर उत्तरी राज्यों के मुख्यमंत्रियों व अन्य एजेन्सियों के वरिष्ठ अधिकारियों की दो बैठकें आयोजित हो चुकी हैं। पंचकूला में नशा मुक्ति नियंत्रण का संयुक्त सचिवालय बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाने में खाप पंचायतों व समाज के अन्य प्रबुद्ध व्यक्तियों का सहयोग लिया गया था, ठीक उसी प्रकार नशा मुक्ति अभियान में भी इनका सहयोग लिया जाना चाहिए। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि हरियाणा पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध बिक्री रोकथाम के लिए निरंतर अभियान चलाया जाता है तथा अकेले सिरसा जिले में 2087 मामले दर्ज किये गए तथा 2717 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 2.266 क्विंटल मादक पदार्थ बरामद किये। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती नीरजा शेखर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश में कुल 74 नशा मुक्ति केन्द्र संचालित हैं। जिला स्तर पर समन्वय कमेटियां गठित की गईं हैं, जिनकी नियमित बैठकें होती रहती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति केन्द्रों का संचालय विधिवत तरीके से हो, इसके लिए प्राईवेट लाईसेंस देने हो तो भी नियम अनुसार ही दिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा मुक्ति केन्द्रों में आवश्यक स्टॉफ की उपलब्धतता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments