हरियाणा में इन तीन और विधायकों ने थामा भाजपा का दामन
6 अगस्त 2019, 6:05 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। अपने मिशन 75 प्लस को लेकर भाजपा विस्तार में जुटी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने तीन और विधायकों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। फिरोजपुर झिरका विधायक नसीम अहमद, रानियां विधायक रामचंद्र कंबोज और सफीदों विधायक जसबीर देसवाल पर भी भगवा रंग चढ़ गया है और ये तीनों विधायक अब कांग्रेस व इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। देसवाल आजाद विधायक है, जो बाहर से भाजपा को समर्थन करते थे। लोकसभा चुनाव से पहले नसीम इनेलो छोड़कर कांग्रेस में गए थे, मगर अब कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए हैं। उधर, सभी ने अपने इस्तीफे विधानसभा स्पीकर को भेज दिए थे। नसीम और देसवाल का इस्तीफा सोमवार को स्पीकर ने स्वीकार कर लिया है। जबकि रामचंद्र कंबोज का इस्तीफा पहले ही स्वीकार हो चुका है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में सदस्यता अभियान में डेढ गुणा सदस्य बढ़ाने के लक्ष्य पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल हो रहे नेता एवं उनके समर्थक पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में अच्छा परिणाम देंगे। भाजपा स्टेट कार्यालय में तीन निवर्तमान विधायक इनेलो विधायक रहे रामचंद्र कंबोज, नसीम अहमद और निर्दलीय जसबीर देसवाल के भाजपा में पटका पहनाकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने स्वागत किया।


0 Comments