हांसी : अंबेडकर छात्रावास के लिए राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने 11 लाख रुपये देने का किया ऐलान


हांसी : अंबेडकर छात्रावास के लिए राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने 11 लाख रुपये देने का किया ऐलान
70वें संविधान दिवस कार्यक्रम में बोले, संविधान से मिले अधिकारों ने बदला देशवासियों का जीवन :
विधायक विनोद भ्याना ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता


15 दिसंबर 2019, 4:59 PM
 हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हांसी। सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि भारत रत्न डॉ. बीआर अंबेडकर द्वारा रचित भारत के संविधान से मिले अधिकारों ने इस देश के लोगों का जीवन बदला है। राजशाही में राजा जहां मां के पेट से पैदा होता है वहीं भारत के संविधान के प्रावधानों के चलते यहां राजा मतपेटी से बनता है, यही हमारे संविधान की सबसे बड़ी विशेषता है। वे आज यहां अंबेडकर चौक स्थित आदर्श सिनेमा स्थल पर 70वें संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। समस्त अंबेडकरवादी समाज सभा के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक विनोद भ्याणा ने की। सहकारिता मंत्री ने अंबेडकर छात्रावास के लिए 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री ने समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक विनोद भ्याणा सहित गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. बनवारी लाल का हांसी में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। सहकारिता मंत्री व विधायक ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि देश की आजादी के बाद जात-पात व धर्म की बड़ी खाई के दौर में तत्कालीन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद डॉ. बीआर अंबेडकर ने देश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए जिस संविधान का निर्माण किया उसी से हमें यह अधिकार मिला है कि आज हम अपने प्रतिनिधि का चुनाव कर सकते हैं जो देश को आगे बढ़ाने के लिए कल्याणकारी नीतियां बनाए। आज तमाम अधिकारों और साधनों की उपलब्धता के बीच यदि हम जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का प्रयत्न करें तो यह डॉ. अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि देश के हर व्यक्ति को अपने बच्चों को शिक्षित करने की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। केवल शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे आने वाली पीढ़ी वर्तमान स्थितियों से उभर सकती है। उन्होंने कहा कि समाज को सुधारने के लिए बाबा साहेब की शिक्षाओं को मन की गहराइयों में उतारना चाहिए। आज केंद्र व प्रदेश सरकार मिलकर डॉ. भीमराव के सपनों के अनुरूप सर्वसमाज को उनके अधिकार प्रदान करने की दिशा में प्रयासरत है। कार्यक्रम को सभा प्रधान अभय राम, ओपी मेहरा, महंत सागर नाथ, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी महाबीर प्रसाद, गुरु रविदास सभा के प्रधान मांगेराम, सुरेश एमसी, प्रेम बागोलिया, अतिरिक्त आयुक्त रामेश्वर मेहरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर अशोक कनोजिया, प्रवीन बंसल, राजीव शर्मा, नेहा धवन, डीसीडब्ल्यूओ विनोद कुमार, सुभाष मेहरा, मोहनलाल, पूजा आहल्याण, राजीव शर्मा, पार्षद रमेश मदान, ओमप्रकाश मुंजाल, नेहा चौहान, धूपसिंह न्योलिया , जगदीश कश्यप व ओमप्रकाश कुंभा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न गांवों के सरपंच, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद थे।







विधायक विनोद भ्याना ने अंबेडकर नगर की शमशान भूमि के लिए 5 लाख दिलाने का दिया भरोसा
विधायक विनोद भ्याणा ने विधानसभा चुनाव में जीत दिलवाने के लिए उपस्थित हलकावासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान देश को संचालित करने वाले नियमों व कानूनों को समाहित किए वह बाइबल है जो हर जाति, धर्म, संप्रदाय व वर्ग को बिना किसी भेदभाव समान अधिकार प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के संपूर्ण विकास के मद्देनजर संविधान की रचना की थी। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने गुलामी के दिन देखे हैं जब हम खुलकर अपनी बात भी नहीं कह सकते थे लेकिन भीमराव अंबेडकर ने हमें संविधान के माध्यम से वह ताकत दी है कि आज हर पांच साल बाद बड़े से बड़े व्यक्ति को जनता के बीच जाकर वोट के लिए झोली फैलानी पड़ती है और प्रत्येक अमीर व गरीब व्यक्ति को एक वोट देने का अधिकार मिला है। हमारे संविधान में अनेक देशों के संविधानों की खूबियां हैं जो लचीला भी है और कठोर भी है। संविधान की अनेक विशेषताएं हैं जो इसे अनूठा बनाती हैं। उन्होंने अंबेडकर नगर की शमशान भूमि के लिए मुख्यमंत्री से बात कर 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलवाने का भरोसा आयोजकों को दिलवाया।




Post a Comment

0 Comments