दो चरणों में बढ़ेगी पलवल चीनी मिल की क्षमता, आज शुरु हुआ पेराई सत्र


दो चरणों में बढ़ेगी पलवल चीनी मिल की क्षमता, आज शुरु हुआ पेराई सत्र

12 दिसंबर 2019, 9:05 PM
 हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़/पलवल। सहकारी चीनी मिल पलवल की क्षमता दो चरणों में बढ़ाई जाएगी। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने बताया कि इस मिल की क्षमता 1600 से 1900 टीसीडी हो चुकी है और अगले चरण में इसे 1900 टीसीडी से बढ़ाकर 2200 किया जाएगा। आज वे यहां पलवल में दी पलवल सहकारी चीनी मिल्ज लिमिटेड के वर्ष 2019-20 के लिए पिराई सत्र का शुभारंभ करने के उपरांत क्षेत्र से आए किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चीनी मिल के संचालन में किसान, कर्मचारी व अधिकारी एक कड़ी के तौर पर होते हैं, जिनमें सबसे प्रमुख कड़ी किसानों की होती है। ऐसे में मिल प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह बात भी कही कि तीनों कड़ी आपस में एक सामंजस्य से काम करें तो यह पिराई सत्र अच्छा चलेगा। उन्होंने बताया कि पलवल की सहकारी चीनी मिल में रिकवरी पिछली बार 10.61 प्रतिशत रही है जोकि प्रशंसनीय है। सहकारिता मंत्री ने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि मिल में अपना गन्ना अच्छी तरह साफ कर लाए। इस दौरान कर्मचारी संगठन की ओर से रखी गई मांग पर भी सहकारिता मंत्री ने सहानुभूति पूर्वक विचार करने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सभी सहकारी चीनी मिल में एथनाल प्लांट लगाने व मिल से निकलने वाले अपशिष्ट से ऊर्जा तैयार करने के कार्यक्रमों पर भी विचार कर रही है।पलवल से विधायक दीपक मंगला ने वर्ष 2019-20 के पिराई सत्र शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचने पर सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल का स्वागत करते हुए कहा कि पलवल की सहकारी चीनी  मिल से उनका पुराना लगाव रहा है। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कार्यक्रम एवं मुख्य अतिथि एवं सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल के संज्ञान में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न मांगों व सडकों की हालत में सुधार की बात रखी। सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने पिराई सत्र शुभारंभ अवसर यज्ञ में आहूति डाली, मिल में गन्ना लेकर पहुंचे किसानों की बैलगाड़ी-ट्रैक्ट्रर ट्राली का पूजन करते हुए मंगल चिन्ह बनाते हुए अभिषेक किया और मिल में पिराई के लिए लगी बेल्ट पर गन्ने भी चढ़ाए। इस अवसर पर शुगर मिल से प्रबंध निदेशक भाजपा के जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह सोरोत, पशुधन विकास बोर्ड हरियाणा के उपाध्यक्ष मेहर चंद गहलोत, पूर्व विधायक सुभाष चौधरी, राजेंद्र बीसला,रामरत्न, यशपाल रावत, शुगर मिल के उपाध्यक्ष देवी चरण मंगला, मुकेश सिंगला, गया लाल चांट, शुगर मिल पलवल के निदेशक मण्डल के सदस्य उदय चंद, गीता देवी, प्रभु दयाल, बाबू राम, भावना, भीम सिंह, भूपेंद्र सिंह, रमेश चंद्र, सचेंद्र सिंह, समुंद्र सिंह, सोरन, विष्णु गौड़ सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



Post a Comment

0 Comments