साइलेंसर से पटाखे बजाने वाले बाईकर्स लफ्ंगों की अब शामत, कटेंगे चालान, ठोंका जाएगा भारी जुर्माना
बुलेट से पटाखे बजाने वालों के खिलाफ जिला सिरसा पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
चालान के साथ-साथ मौके पर बुलाए जाएंगे परिजन
14 दिसंबर 2019, 3:43 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
सिरसा। साइलेंसर बदलवा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बाइकर्स लफ्ंगों के खिलाफ जिला सिरसा पुलिस ने कड़ा रूख अख्त्यिार कर लिया है। एसएसपी डॉ. अरुण सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बुलेट से पटाखे बजाकर दहशत फैलाने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत ट्रैफिक थाना पुलिस सहित सभी थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी और अब तक करीब 20 बुलेट चालकों के चालान काटे गए है तथा भारी जुमार्ना भी किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने यह भी बताया कि बाइक के साइलेंसर बदल कर तेज और पटाखों जैसी आवाज निकालने और आमजन में दहशत फैलाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यातायात थाना प्रभारी सहित सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए है कि अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल व कॉलेजों के आस-पास गश्त बढ़ाए तथा बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर कड़ी नजर रखें। अगर कोई बुलेट बाइक चालक साइलेंसर में ऐसे पटाखे लगे होने से मना करता है तो पुलिसकर्मी खुद उसकी जांच कर रहे हैं। खुद बाइक की रेस देकर पता लगाते हैं कि पटाखे लगे हुए हैं या नहीं। बाइक में सबसे अधिक जिस पार्ट को बदलवाया जाता है, वह है साइलेंसर या एग्जॉस्ट सिस्टम। बाइक के एक्जॉस्ट की आवाज में ज्यादा थंडर लाने के लिए लोग कंपनी के असली साइलेंसर हटवा कर अलग किस्म के पार्ट लगवा लेते हैं, जोकि यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ अपराध की श्रेणी में भी आता है। ऐसे अपराध करने वाले चालकों के खिलाफ अभियोग भी दर्ज किया जा सकता है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बुलेट से पटाखे बजाने वाले वाहन चालकों का न केवल चालान काटा जाएगा, बल्कि उनके अभिभावकों एवं परिजनों को भी मौके पर बुलाया जाएगा और उनसे आग्रह किया जाएगा कि वे अपने बच्चों को ऐसा करने से रोकें।


0 Comments