सामने आने लगी है भाजपा गठबंधन सरकार की असलियत : कुलदीप बिश्नोई 

28 दिसंबर 2019, 9:22 PM

हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। कांग्रेस केन्द्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि झूठ, लालच के दम पर बनी भाजपा गठबंधन सरकार की असलियत सामने आने लगी हैं। सत्ता के लालच में जनभावनाओं को दरकिनार करके भाजपा की गोदी में जा बैठे जजपा नेताओं की पोल रामकुमार गौतम ने खोल दी है कि किस प्रकार उनके विधायकों, वर्करों के ही सरकार में काम नहीं हो पा रहे हैं। भाजपा-जजपा गठबंधन स्थायी सरकार नहीं दे सकते,  क्योंकि निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए ही दोनों पार्टियों के नेता लगे हुए हैं जनता के कामकाज से इस सरकार को कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस ही राज्य मे 36 बिरादरी के हितो की रक्षा करने वाली सरकार दे सकती है। वे आज हलके के गांव चिकनवास, घुड़साल, दड़ौली, किशनगढ़, खारा बरवाला, आदमपुर गांव में अनेक कार्यक्रमों में भाग लेने दौरान लोगों से बातचीत कर रहे थे। गांवों में उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करके जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि प्रदेशवासियों की जनसमस्याएं को दूर करने तथा चुनाव में की गई घोषणाओं को लागू करने की दिशा में भाजपा गठबंधन सरकार की लापरवाही का अंदाजा तो इसी बात से लगाया जा सकता है कि सरकार बनने के दो माह बाद भी दोनों पार्टियों ने संयुक्त सांझा कार्यक्रम जारी नहीं किया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि गठबंधन सरकार के मंत्री भी बन गए, मगर कॉमन मीनिमम प्रोग्राम पर दोनों पार्टियों के नेता चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुप्रबंधन के कारण जीडीपी निचले स्तर पर है, रेलवे 10 साल में सबसे ज्यादा घाटे में है, बेरोजगारी उच्चतम स्तर पर है, पेट्रोल, गैस सिलेंडर सबसे महंगा है, उच्च शिक्षा सबसे महंगी, बैंकों का एनपीए सबसे ज्यादा है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, बलात्कार, गैंगरेप सबसे ज्यादा हो रहे हैं। भाजपा के नेतृत्व में देश आर्थिक बदहाली की ओर बढ़ रहा है, जबकि सरकार के चहेते चंद पूंजीपति अपनी जेबें भर रहे हैं। देश के बैंक दिवालिया होने की कगार पर खड़े हैं। इसके लिए भाजपा की तानाशाही नीतियां ही जिम्मेवार हैं।