भाजपा की नीतियों ने आम जनमानस को बैकफुट पर धकेला : कुलदीप


भाजपा की नीतियों ने आम जनमानस को बैकफुट पर धकेला : कुलदीप

17 दिसंबर 2019, 5:10 PM
 हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। केन्द्र शासित भाजपा सरकार एवं हरियाणा की गठबंधन सरकार की नीतियां किसान, व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर विरोधी हैं। पिछले पांच सालों में चंद पूंजीपतियों के हित में भाजपा ने नीतियां बनाई हंै, लेकिन आम जनमानस को बैकफुट पर धकेल दिया है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जिस दिन देश में कोई न कोई उद्योग, धंधा भारी मंदी की चपेट में आने के कारण बंद न हो रहा हो, जिससे बेरोजगारी चरम सीमा तक बढ़ती जा रही है। बढ़ती बेरोजगारी से अपराध भी बढ़ रहा है, लेकिन सत्ता के नशे में चूर भाजपा को गरीब व आम आदमी की चिंता नहीं है। भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था बदहाल हो चुकी है। जिसका सीधा असर आम जनमानस पर पड़ रहा है। यह बात सीडब्ल्यूसी मैंबर एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आज हलके के अनेक गांवों में कई कार्यर्क्रमों में भाग लेने दौरान लोगों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कालीरावण एवं भाणा गौशालाओं में आयोजित कार्यक्रमों तथा लोगों के सुख-दुख में शिरकत की। गांवों में उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करके जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर दूर करवाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान रणधीर पनिहार, मानसिंह चेयरमैन, कृष्ण सेठी सरपंच, सुभाष देहडू, सहदेव कालीराणा समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

रेलवे घाटे में, बेरोजगारी उच्च स्तर पर
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा के कुप्रबंधन के कारण जीडीपी खतरनाक 2.5 स्तर के निचले स्तर पर है, रेलवे 10 साल में सबसे ज्यादा घाटे में है, बेरोजगारी उच्चतम स्तर पर है, पेट्रोल, गैस सिलेंडर सबसे महंगा है, उच्च शिक्षा सबसे महंगी, बैंकों का एनपीए सबसे ज्यादा है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, बलात्कार, गैंगरेप सबसे ज्यादा हो रहे हैं। भाजपा के नेतृत्व में देश आर्थिक बदहाली की ओर बढ़ रहा है, जबकि सरकार के चहेते चंद पूंजीपति अपनी जेबें भर रहे हैं। देश के बैंक दिवालिया होने की कगार पर खड़े हैं। इसके लिए भाजपा की तानाशाही नीतियां ही जिम्मेवार हैं।

 सत्ता मिलते ही किसानों की तकलीफ भूल गई भाजपा की सहयोगी पार्टी
 कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हलके के गांव बालसमंद, बुड़ाक, बांडाहेड़ी, खारिया, डोभी, सुंडावास, गावड़, गोरछी, सरसाना, बासड़ा, न्योली खुर्द, ठसका, काबरेल आदि गांवों में सिंचाई पानी की घोर किल्लत है और क्षेत्र के किसान पिछले लंबे समय से आंदोलनरत हैं। वर्तमान सरकार ने किसानों को महीने में दो सप्ताह पानी देने का वादा किया था, परंतु भाजपा सरकार में न तो टेलों तक पानी पहुंच रहा है और न ही लोगों को पीने के लिए स्वच्छ व पर्याप्त पानी मिल रहा है। सरकार की सहयोगी पार्टी के नेताओं ने भी किसानों से बड़े-बड़े वादे किए थे, किंतु सत्ता मिलते ही ये लोग किसानों की तकलीफों को भूल गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों के हित में नीतियां लागू की जाएंगी।

Post a Comment

0 Comments