15 फरवरी 2020, 3:16 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार अब कृषि आधरित उद्योगों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध करवाएगी। हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनन्द अरोड़ा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत प्रदेश के अधिक से अधिक गांवों को कवर किए जाने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रदेश के सभी गावों को 24 घंटे बिजली मुहैया करवायी जा सके। इसके अलावा उन्होंने शहरों में स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में तेजी लाए जाने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव यहां उदय स्कीम की प्रगती की समीक्षा करने हेतू गठित कमेटी की 12वीं बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लॉसिस को कम करने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जाएं। इसके साथ-साथ समय की जरूरत को देखते हुए सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों पर गंभीरता से कार्य किया जाए और इसके लिए विशेष अधिकारी की डयूटी लगाई जाए ताकि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके और बिना किसी परेशानी के सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
करनाल, पानीपत व गुरुग्राम में लग चुके हैं 1 लाख स्मार्ट मीटर
बैठक में बताया गया कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 5-5 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके अंतर्गत अभी तक करनाल, पानीपत और गुरुग्राम में 1 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और पंचकूला में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू हो चुका है । शेष जिलों में भी स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
2 फीसद कम किया गया लाइन लोसिस
मुख्य सचिव को अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष भी बिजली निगमों द्वारा लाइन लॉसिस को 2 प्रतिशत कम किया गया है और आज दोनों निगम लाभदायक स्थिति में हैं। गत वर्षों में भी बिजली निगमों ने लाइन लॉसिस में भारी गिरावट दर्ज की है । म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत 4463 गांवों को 24 घंटे बिजली मुहैया करवाई जा रही है। शेष गांवों को भी जल्द इस योजना के तहत लाकर 24 घंटे बिजली मुहैया करवाई जाएगी।
प्रदेश के 4463 गांवों में दी जा रही है 24 घंटे बिजली
म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत 24 घंटे बिजली देने वाले 4463 गांवों की सूची स्कूल शिक्षा विभाग के साथ सांझा कर ली गई है। इसकी मदद से अब स्कूल शिक्षा विभाग गांवों के स्कूलों में कंप्यूटर लगवाने की प्रक्रिया को अमल में लाएंगे।


0 Comments