सौगात।राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने गुंजार में 108 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वतंत्र जलघर की रखी आधारशिला
हरियाणा : अगले 5 साल में दूर हो जाएगी पेयजल समस्या
गांव गोरछी में 138.65 लाख रुपये से होने वाले जलघर के नवीनीकरण कार्य का भी शिलान्यास
मीडिया जंक्शन न्यूज
Jun 21, 2019, 09:39PM
हिसार। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि अगले पांच साल के भीतर हरियाणा में पेयजल की किल्लत पूरी तरह से दूर हो जाएगी। प्रदेश को रेणुका व किसाऊ बांध परियोजनाओं से पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा जिसके लिए हरियाणा व उत्तराखंड सरकारों के बीच अनुबंध हो चुका है। इस अनुबंध के तहत हरियाणा को बिजली भी उपलब्ध होगी। राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने यह बात गांव गुंजार में 108.45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वतंत्र जलघर की आधारशिला रखने उपरांत ग्रामीण जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने 138.65 लाख रुपये से होने वाले गांव गोरछी के जलघर के नवीनीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। ग्रामीणों ने पगड़ी पहनाकर राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान हरियाणा मिट्टी कला बोर्ड के चेयरमैन कर्णसिंह रानोलिया, हरियाणा कला परिषद की निदेशक सोनाली फोगाट, जिला महामंत्री सुजीत कुमार व आशा रानी खेदड़, प्रो. मंदीप मलिक, पूर्व विधायक रणबीर गंगवा व महाबीर प्रसाद भी मौजूद थे।राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने पर क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि राजस्थान की सीमा से लगते इस क्षेत्र में पानी की कमी लंबे समय से है जिसे दूर करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में आज यहां दो गांवों में पेयजल संबंधी दो बड़ी परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजनाओं के पूरा होते ही इन गांवों में 35 लीटर प्रतिव्यक्ति की बजाय 70 लीटर प्रति व्यक्ति पानी मिल सकेगा। पानी की कमी से प्रभावित अन्य गांवों में भी पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पानी की कमी विश्वव्यापी समस्या है। पानी को बनाया नहीं जा सकता है बल्कि बचाया ही जा सकता है। आज की जाने वाली पानी की बर्बादी आने वाली पीढिय़ों के लिए खतरनाक परिणाम पैदा कर देगी। इसलिए हम सबको पानी का सदुपयोग करना चाहिए और जहां तक संभव हो, पानी की बचत करनी चाहिए। पानी के सदुपयोग के लिए अन्य लोगों को भी जागरूक करना जरूरी है जिसके लिए बुद्धिजीवि व्यक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पंचायतों को अपने स्तर पर गांवों में जल संरक्षण की मुहिम शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें यदि पानी की समस्या की चिंता करती तो आज हमारे सामने यह समस्या नहीं आती। कार्यक्रम को पूर्व विधायक रणबीर गंगवा, निदेशक सोनाली फोगाट, जिला महामंत्री सुजीत कुमार व आशा रानी खेदड़ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता एसपी सेठी, एक्सईएन केके गिल, संजीव त्यागी, सरपंच राजपाल, अनिल गोदारा, संदीप गंगवा, मोनू हरिता, जगत शर्मा, दिलबाग नेहरा, बिजेंद्र शर्मा, कमल शर्मा, जेई नरेश व अमित कुमार, सीताराम प्रधान, रामानंद, प्रताप, रतन सिंह, ओमप्रकाश, पृथ्वी पंच, रोहताश फौजी, रघुवीर सिंह व कैप्टन दीवान सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे


0 Comments