योग दिवस से पहले ही योग मुद्रा में हिसार


योग दिवस से पहले ही योग मुद्रा में हिसार

फाइनल रिहर्सल में हजारों साधकों ने किया योगाभ्यास


 जिला भर में मनाए जाने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी


योग मैराथन में बड़ी संख्या में दौड़े विद्यार्थी, खिलाड़ी व युवा 


हाथों में संदेश पट्टिकाएं लेकर शहरवासियों को दिया योग को अपनाने का संदेश

मीडिया जंक्शन न्यूज

Jun 20, 2019, 10:24 AM 
हिसार। पांचवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आज सुबह महाबीर स्टेडियम में आयोजित फाइनल रिहर्सल में हजारों योग साधकों ने एकरूपता के साथ योग व प्राणायाम का अभ्यास किया। योग करने वालों में स्कूली बच्चों, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट सहित अन्य अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधियों व शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। योगाभ्यास के उपरांत शहरवासियों को योग का संदेश देने के लिए महाबीर स्टेडियम से योग मैराथन का भी आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों युवाओं ने भागीदारी की।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कल 21 जून को आयोजित किए जाने वाले योग कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज महाबीर स्टेडियम में फाइनल रिहर्सल की गई। इसमें हजारों प्रतिभागियों ने एक साथ योग दिवस प्रोटोकोल के अनुसार योगाभ्यास व प्राणायाम किए। पतंजलि योग समिति के जिला प्रधान वीरेंद्र बडाला व आयुष विभाग से डॉ. पूजा ने सभी प्रतिभागियों को प्रोटोकोल के अनुसार सभी 20 योग व प्राणायाम करवाए। इस दौरान प्रतिभागियों को ग्रीवाचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन व त्रिकोणासन, बैठकर करने वाले दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्टï्रासन, उष्टï्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूक व वक्रासन, पेट के बल लेटकर किए वाले मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पीठ के बल लेटकर किए वाले सेतुबंधासन, उत्तानपाद आसन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन व शवासन आदि योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। इसके अलावा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी व ध्यान का अभ्यास करवाते हुए संकल्प व शांति पाठ करवाया गया। इस दौरान पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधु, डॉ. महेंद्र पाल बंसल, डॉ. मुकेश, डॉ. सुखबीर वर्मा, भारत स्वाभिमान के जिला प्रमुख मुकेश कुमार, विनय मल्होत्रा, कविता शर्मा, नमिता, मीना सरोहा, सुनील कक्कड़, नरेश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, अजीत शर्मा, कौशल्या सोनी, सुरक्षा, लक्ष्मी अग्रवाल, शालू, संतरो जांगड़ा, ओमवती आर्य व जोगेंद्र दलाल, खेल विभाग के कोच नरेश मलिक, विनोद कुमार, पवन, कुलदीप, अनूप सिंह व जगदीप सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में शहरवासी भी मौजूद रहे।

लक्ष्मीबाई चौक से शुरु हुई योग मैराथन
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी नीता अग्रवाल, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुशीला व जिला लोक संपर्क अधिकारी अमित पवार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाते हुए योग मैराथन को रवाना किया। मैराथन में शामिल खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों, नेहरू युवा केंद्र के सदस्यों और शहरवासियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ में भागीदारी की। महाबीर स्टेडियम से शुरू हुई योग मैराथन लक्ष्मीबाई चौक से होते हुए आईजी चौक, राजगढ़ रोड पर राजकीय महाविद्यालय व ठाकुर दास भार्गव विद्यालय के सामने से होते हुए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेट नंबर चार से प्रवेश करते हुए विश्वविद्यालय के अंदर से होते हुए वापस महाबीर स्टेडियम पहुंची। मैराथन के दौरान युवाओं ने हाथों में योग दूर करे हर रोग, कपाल भाति हर रोग को भगाती जैसे संदेश लिखे फ्लेक्स व संदेश पट्टिकाएं ले रखे थीं जो हर आने-जाने वाले का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। 

महाबीर स्टेडियम में कल सुबह 6 बजे शुरु होगा कार्यक्रम
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि कल 21 जून को हिसार में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम सुबह 6 बजे से महाबीर स्टेडियम में शुरू होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिसार के नवनिर्वाचित सांसद बृजेंद्र सिंह होंगे। इसके अलावा जिला के अन्य छह विधानसभा क्षेत्रों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नारनौंद में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, आदमपुर में चेयरपर्सन ज्योति बैंदा, उकलाना में चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, हांसी में चेयरपर्सन जवाहर यादव, बरवाला में चेयरमैन रणबीर गंगवा व नलवा के कार्यक्रम में चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।

डीसी ने आमजन से की समय पर पहुंचने की अपील
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय निकालकर कल सुबह 6 बजे महाबीर स्टेडियम पहुंचें और विश्व स्तर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर इस पल को जीने का आनंद उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन व आयुष विभाग द्वारा योग दिवस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं और कल यहां ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 






Post a Comment

0 Comments