मिर्चपुर अकेडमी में तैयार होंगे अंतर्राष्ट्रीय पहलवान
ओलंपिक में भारत का तिरंगा फहराने का जुनून रखते हैं हरियाणवी खिलाडी़
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने मिर्चपुर की शहीद भगत सिंह अकेडमी में चौ. मित्रसेन आर्य के नाम से बने प्रथम तल भवन व होस्टल का किया उद्घाटन
खिलाडि़यों की सुविधा के लिए अकेडमी को 5 लाख रुपये देने का ऐलान
मीडिया जंक्शन न्यूज
Jun 20, 2019, 03:55 PM
नारनौंद। हरियाणा के खिलाडि़योंके दिल में ओलंपिक खेलों में मेडल जीतकर भारत का तिरंगा फहराने का जज्बा और जुनून है। इसी के कारण देश में 2 प्रतिशत से भी कम आबादी वाले हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ी भारत को एक-तिहाई पदक दिलाने का माद्दा रखते हैं। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु वीरवार को गांव मिर्चपुर की शहीद भगत सिंह अकेडमी में चौ. मित्रसेन आर्य के नाम से बने प्रथम तल भवन व होस्टल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अकेडमी के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाडि़यों को सम्मानित किया और खिलाडि़यों की सुविधाओं के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वित्तमंत्री ने कहा कि जीवन में सच्ची सफलता तभी मिलती है जब शिक्षा के साथ-साथ खेल को भी शामिल किया जाए। जो बच्चा खेल के मैदान में उतरकर साथी खिलाडि़यों से प्रतिस्पर्धा करता है और टीम के साथ खेलकर सहयोग की भावना सीखता है वह जीवन में निश्चित कामयाबी प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रादेशिक संस्कृति में खेल का बड़ा महत्व है। खेल से जुड़े होने के कारण ही हमारे युवा देश की सेनाओं में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं और हरियाणा की अर्थव्यवस्था में अपना योगदान दे रहे हैं। युवा मन में सैनिक बनने की भावना का बीजोरोपण भी खेल के मैदान में ही होता है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल व खिलाडि़यों को प्रोत्साहन देने के लिए न केवल करोड़ों रुपये के इनाम व सरकारी नौकरियां दे रही है बल्कि खेल नर्सरियों के माध्यम से नए खिलाडि़यों को आधुनिक स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने 280 शहीद सैनिकों के परिजनों को ढूंढ-ढूंढकर सरकारी नौकरियां दीं हैं जबकि पिछली सरकारों के कार्यकाल में लगभग 61 शहीदों के आश्रितों को ही नौकरियां दी गईं।मिर्चपुर अकेडमी में तैयार होंगे अंतर्राष्ट्रीय पहलवान
वित्तमंत्री ने उम्मीद जताई कि मिर्चपुर में चल रही यह अकेडमी हमें ऐसे खिलाड़ी देगी जो केवल हिसार जिला ही नहीं बल्कि हरियाणा व भारत का नाम भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगी। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की कि इस अकेडमी में खिलाडि़यों को उच्च दर्जे का प्रशिक्षण व सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने अकेडमी संचालक अजय पहलवान से आह्वान किया कि वे यहां महिला खिलाडि़यों के लिए भी एक शाखा शुरू करें ताकि खेलों में दिलचस्पी लेने वाली बेटियों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि खापों के इस प्रदेश हरियाणा में बेटियों को वह संरक्षित माहौल मिलता है जिसमें वे निर्भय होकर हजारों की भीड़ के बीच अपना खेल कौशल दिखा सकती हैं। हमारी बेटी खिलाडि़यों ने कई अवसरों पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है।
राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के 9 खिलाडि़यों का सम्मान
कैप्टन अभिमन्यु ने अकेडमी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने उपरांत यहां मौजूद सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाडि़यों के लिए बनाए गए वातानुकूलित हॉस्टल में जाकर खिलाडि़यों से मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि खेल व खिलाडि़यों को प्रोत्साहित करने के लिए इस अकेडमी में जरूरत की सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने अकेडमी के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के 9 खिलाडि़यों को सम्मानित किया। आयोजकों ने पगड़ी पहनाकर व गदा भेंटकर वित्तमंत्री को सम्मानित किया।

0 Comments