आयुष विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 2 अगस्त से, जानें कौनसे केंद्रों पर होगी परीक्षा
मीडिया जंक्शन न्यूज
कुरूक्षेत्र। श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र के पहले बैच की बीएएमएस (व्यवसायी), बीएचएमएस तथा आयुर्वेदिक फॉमेर्सी डिप्लोमा प्रथम वर्ष की 2 अगस्त से शुरू हो रही वार्षिक परीक्षा-2019 के लिए 8 महाविद्यालयों में परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रवक्ता ने बताया कि ये परीक्षाएं 2 अगस्त से 21 अगस्त तक चलेगी, जिनकी डेटशीट पहले ही संबंधित महाविद्यालयों को जारी की जा चुकी हैं। इन परीक्षाओं में विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 600 विद्यार्थी भाग लेंगे। इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए 8 महाविद्यालयों को परीक्षा केन्द्र के लिए चयन किया गया हैं, जोकि किसी भी परीक्षार्थी की पहुंच से अधिकतम 30 किलोमीटर की दूरी पर होगें। इससे विद्यार्थियों तथा महाविद्यालय संचालकों को परीक्षाओं में किसी तरह की परेशानी नही होगी। उन्होंने बताया कि आयुज्योति आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल जोधपुरिया, सिरसा में परीक्षा केन्द्र ए-1 बनाया गया है। इसी प्रकार गंगापुत्रा आयुर्वेदिक महाविद्यालय कन्डेला जीन्द में परीक्षा केन्द्र ए-2, श्री धन्वन्तरी आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल चंडीगढ़ में परीक्षा केन्द्र ए-3, नेशनल आयुर्वेद महाविद्यालय धनीग्राम रोड बरवाला, हिसार में परीक्षा केन्द्र ए-4 बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सेठ मुरारी लाल रसवासिया आयुर्वेदिक महाविद्यालय चरखी दादरी में परीक्षा केन्द्र ए-5, श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल कुरूक्षेत्र में परीक्षा केन्द्र ए-6 बनाया गया है। इसी प्रकार चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक महाविद्यालय जगाधरी यमुनानगर में परीक्षा केन्द्र ए-7 बनाया गया है, जहां लाल बहादुर शास्त्री महिला आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल बिलासपुर यमुनानगर के विद्यार्थी भी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि गौर ब्राह्मण आयुर्वेदिक महाविद्यालय ब्राह्मणवास, रोहतक में परीक्षा केन्द्र ए-8 बनाया गया है, जिसमें जे आर किसान होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रोहतक के विद्यार्थी भी परीक्षा देंगे। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि इस बारे में विश्वविद्यालय से संबंधित सभी महाविद्यालयों को सूचित कर दिया गया है ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं के निर्बाध, नकल रहित एवं सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है।


0 Comments