हिसार राहगिरी में आएंगे प्रख्यात खिलाड़ी, होगा भरपूर मनोरंजन
शहर में साईकिल रैली निकाल जल संरक्षण व बेटी बचाओ की अलख जलाएंगी छात्राएं
दिखाई देगी पानी बचाओ-जीवन बचाओ की झलक
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने आमजन से अधिक से अधिक भागीदारी का किया आह्वन
संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शन
हिसार। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 14 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय राहगिरी कार्यक्रम में चारों तरफ पानी बचाओ-जीवन बचाओ की झलक दिखाई देगी। जन शक्ति फोर जल शक्ति अभियान के अंतर्गत राहगिरी के प्रतिभागियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने विगत दिवस राहगिरी, जल शक्ति अभियान, किसान सम्मान योजना के सर्वे, बीपीएल सूची के सर्वे, बस स्टैंड व एयरपोर्ट सहित विभिन्न परियोजनाओं व जिला प्रशासन द्वारा करवाए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी देते हुए जिला से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। उपायुक्त ने बताया कि 14 जुलाई को सुबह 5.30 से 8 बजे के बीच राज्य स्तरीय राहगिरी कार्यक्रम हकृवि के गेट नंबर 4 से विश्वविद्यालय परिसर में जाने वाली सडक पर आयोजित किया जाएगा। सडक पर डिवाइडर के एक तरफ जहां प्रतिभागियों के लिए विभिन्न खेल व अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी वहीं दूसरी तरफ की सडक कार्यक्रम देखने वालों के लिए आरक्षित रहेगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में लगभग 10 हजार प्रतिभागी शामिल होंगे। राहगिरी में पानी बचाओ-जीवन बचाओ पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने वालों को पानी बचाओ की थीम पर आधारित टी-शर्ट व कपड़े के बैग वितरित किए जाएंगे। साथ ही जल संरक्षण पर आधारित प्रश्रोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवाई जाएंगी जिसके विजेताओं को मौके पर ही सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने मीडिया के माध्यम से शहरवासियों से आह्वान किया कि वे राहगिरी कार्यक्रम में बढ़-चढकर भागीदारी करें। कार्यक्रम में भाग लेने वाला कोई भी व्यक्ति इसके अनुभव को जीवन भर भुला नहीं पाएगा। कार्यक्रम में जहां हरियाणा के विश्व स्तर पर खेलने वाले प्रसिद्घ खिलाड़ी व विख्यात खिलाड़ी आएंगे वहीं नाटक, गीतों व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा। 150 स्कूली छात्राओं द्वारा पानी की बचत व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देने के लिए साइकिल रैली भी निकाली जाएगी जिसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरी झंडी दिखाएंगे। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा वाक फॉर रन का भी आयोजन किया जाएगा।


0 Comments