ग्राम स्तर के कर्मचारी भरेंगे किसान सम्मान निधि योजना के फार्म



ग्राम स्तर के कर्मचारी भरेंगे किसान सम्मान निधि योजना के फार्म 

मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी पात्र किसानों का विवरण एकत्र करने के लिए अब विभिन्न विभागों के ग्राम स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने विभागों के कार्यालय अध्यक्षों को कल 19 जुलाई तक कार्य पूरा करते हुए इसका रिकॉर्ड पर्यवेक्षक के माध्यम से अपनी-अपनी तहसील में जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिला के सभी पात्र किसानों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा पात्र किसानों के बैंक खाते में प्रतिवर्ष तीन किश्तों में 6 हजार रुपये भिजवाए जाते हैं। जिला के किसान अपने स्तर पर गांवों में खुले अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से स्वयं भी अपना विवरण अपलोड कर रहे हैं। किसी कारणवश विवरण अपलोड करने से वंचित रहने वाले पात्र किसानों का विवरण जुटाने का कार्य गांवों में तैनात विभिन्न विभागों के कर्मचारी करेंगे। उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जिला विकास एवं पंचायत विभाग, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, बिजली शाखा, मैकेनिकल शाखा, पंचायती राज के अधिकारियों व सहायक कृषि अभियंता को निर्देश दिए हैं कि वे गांवों में तैनात अपने अधीनस्थ स्टाफ को 19 जुलाई तक पात्र किसानों के फार्म एकत्र करवाना सुनिश्चित करें। सभी पात्र किसानों का पंजीकरण प्रफोर्मा भरने उपरांत इन्हें सुपरवाइजर के माध्यम से अपनी-अपनी तहसील-उप तहसील में जमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी सुपरवाइजर व अधिकारी जमा हुए फार्म का निरीक्षण व नियमानुसार जांच-पड़ताल  करके संबंधित तहसीलदार को जमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ जिला के सभी पात्र किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments