नया नियम : निर्धारित समय के बाद अपने आप ही हो जाएगा रेलकर्मियों का प्रमोशन


निर्धारित समय के बाद अपने आप ही हो जाएगा रेलकर्मियों का प्रमोशन 

मीडिया जंक्शन न्यूज
नई दिल्ली। अब रेलवे अधिकारियों की गलती का खामियाजा कर्मचारियों को नहीं भुगतना पड़ेगा। ऐसे कर्मचारियों की फाइल 31 अगस्त तक ठीक करने और ठीक न होने वाली फाइलों को मुख्यालय भेजने का आदेश दिया गया है। जिस कर्मचारी की फाइल पूरी नहीं होगी, उसे भी पदोन्नत कर दिया जाएगा। वेतन भी स्वत: बढ़ जाएगा। यह व्यवस्था पूरे देश में लागू होगी। अधिकारी तबादला हो जाने के बाद कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका में रिपोर्ट नहीं अंकित करते, जिससे पुस्तिका को अधूरा माना जाता है। इससे कर्मचारियों की पदोन्नति व वेतन वृद्धि रुक जाती है। कुछ कर्मचारियों की फाइल को जानबूझकर अधूरा छोड़ दिया जाता है। इससे कर्मचारियों की पदोन्नति व वेतन रोक दिया जाता है। नई व्यवस्था के तहत ऐसा नहीं होगा। सबसे अधिक मामले वाणिज्य विभाग के हैं। दरअसल किसी स्थान पर तैनात अधिकारी का तबादला भले ही हो जाता है, लेकिन पहले वाली जगह के कर्मचारियों की पदोन्नति या वेतन वृद्धि की संस्तुति के लिए सेवा पुस्तिका उसी अधिकारी के पास भेजे जाने का प्रावधान है। रेलवे के ट्रेड यूनियन ने इस मामले को रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के सामने उठाया है और कहा है कि अधिकारियों की गलती कर्मचारियों को क्यों भुगतनी पड़ रही है। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर जनरल (कार्मिक) मनोज पांडेय ने 27 जून को सभी जोन के मुख्य कार्मिक अधिकारियों को पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि जिन कर्मचारियों की फाइल लंबे समय से अधूरी हैं, उन्हें 31 अगस्त तक पूरा कर कर्मचारियों को नियमानुसार पदोन्नति व अन्य लाभ उपलब्ध कराएं।

Post a Comment

0 Comments