हुड्डा जिस हवा की बात कह रहे हैं, वह भाजपा की ओर बह रही है
हिसार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बोले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हरियाणा में इस समय न तो कांग्रेस और न ही इनेलो या जजपा का कोई जनाधार है। जिस प्रकार लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने सभी 10 सीटों पर विजय दिलाकर भाजपा की नीतियों पर मुहर लगाई है उसी प्रकार विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा में जनता जनार्दन का आशीर्वाद फिर से भाजपा को मिलेगा। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने आज पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विश्राम गृह में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा करते हुए मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब भी दिए। वे यहां पांच जिलों के लिए संकल्प पत्र संकलन यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखाने पहुंचे थे। एक पत्रकार ने पूछा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पिछले दिनों एक रैली में कहा है कि वे प्रदेश में हवा बदल देंगे। इसके जवाब में सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश की हवा तो पूरी तरह से बदली हुई है और यह भाजपा के पक्ष में चल रही है। पूरे प्रदेश की जनता को इस बात की समझ है कि उनका हित और हरियाणा का विकास केवल भाजपा ही करवा सकती है। अन्य पार्टियों के गठबंधन की सुगबुगाहट से जुडे एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गठबंधन तो तब होता है जब किसी पार्टी का जनाधार होता है। आज भाजपा के अलावा सभी पार्टियां अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही हैं। इनके नेता केवल स्वार्थ की राजनीति का शिकार होकर घर और पार्टी से लड़ रहे हैं जिसके कारण इनके गठबंधन का भी कोई औचित्य नहीं है।कांग्रेस नेता रणदीप सूरजेवाला द्वारा दिए गए एक बयान के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपनी सरकार के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल की याद आ रही है जिसमें उन्होंने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया था। भाजपा पूरी तरह से लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली पार्टी है जो सबका साथ-सबका विकास की नीति पर चलते हुए पूरे प्रदेश व हर वर्ग का समान रूप से विकास करवा रही है। उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए कई सवालों के जवाब देते हुए वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर खुलकर बात की। इस अवसर पर विधायक एवं हरियाणा ब्यूरो आॅफ पब्लिक इंटरप्राइजेज के चेयरमैन डॉ. कमल गुप्ता, कॉन्फेड चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र, हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, मिट्टी कला बोर्ड के चेयरमैन कर्णसिंह रानौलिया, नगर निगम मेयर गौतम सरदाना, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, जिला महामंत्री सुजीत कैमरी व आशा रानी खेदड़, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, हरिसिंह सैनी, विनोद भ्याणा, रणबीर गंगवा व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि सैनी सहित अन्य नेता, पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


0 Comments