कोरिया से मजबूत होंगे हरियाणा के व्यापारिक रिश्ते, गुरुग्राम में ‘द इंडिया कोरिया गोल्फ मीट’ कल
मीडिया जंक्शन न्यूज
गुरुग्राम। गोल्फ खेल के माध्यम से कोरियन निवेशकों के साथ बेहतर व्यापारिक संबंध स्थापित करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा कल 19 जुलाई को ‘द इंडिया कोरिया गोल्फ मीट’ आयोजित की जा रही है। प्रात: 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने जा रही इस प्रतियोगिता में 25 कोरियन टॉप कंपनियों के सीईओ तथा कोरियन दुतावास के प्रतिनिधि भारत सरकार तथा हरियाणा सरकार के सचिवों के साथ गोल्फ खेलेगे।आमतौर पर बेहतर व्यापारिक संबंध स्थापित करने के लिए गोष्ठियां आयोजित की जाती हैं लेकिन गोल्फ के जरिए कोरियन निवेशकों के साथ बेहतर व्यापारिक संबंध बनाकर प्रदेश में कोरियाई निवेश को बढावा देने के लिए हरियाणा सरकार ने गोल्फ खेल का आयोजन करने की अनुठी पहल की है। इन्वेस्ट इंडिया, जोकि एक राष्ट्रीय निवेश प्रोत्साहन एवं सुविधा एजेंसी है तथा हरियाणा सरकार द्वारा संयुक्त रूप से इस गोल्फ खेल का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से उद्योग और वाणिज्य विभाग द्वारा खेल के आयोजन संबंधी सभी प्रबंध किए जाएंगे और गुरुग्राम जिला में यह आयोजन डीएलएफ-5 में गोल्फ कोर्स रोड स्थित डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में किया जाएगा। हरियाणा सरकार के उद्योग और वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह ने बताया कि द इंडिया कोरिया गोल्फ मीट कोरियन कंपनियों के लिए गोल्फ खेल के माध्यम से हरियाणा सरकार के साथ जुड़ने का एक अनूठा अवसर है, जिसमें उनके हितों और पहलुओं को समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन्वेस्ट इंडिया, कोरिया प्लस, कोरियन इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन (किटा) और हरियाणा एंटरप्राइजेज प्रमोशन सेंटर (एचईपीसी) इस अनूठी गोल्फ मीट के आयोजन में हरियाणा सरकार का सहयोग कर रहे हैं। कोरिया प्लस भारत में कोरियाई निवेशकों के लिए प्रवेश द्वार है। यह कोरियाई निवेशकों के लिए वन-स्टॉप एजेंसी के रूप में कार्य करता है और दूतावासों, केंद्र और राज्य सरकारों, औद्योगिक संघों और कॉरपोरेट्स के साथ मिलकर काम करता है ताकि कोरियाई निवेशकों की अगुवाई की जा सके। कोरिया प्लस की टीम अपने अस्तित्व के सिर्फ दो वर्षों के अंतराल में सौ से अधिक कोरियाई कंपनियों को व्यावसायिक सलाह और सुविधा प्रदान कर चुकी है। कोरिया प्लस न केवल निर्णय लेने के लिए तथ्य-आधारित इनपुट देता है बल्कि कोरियाई निवेश को एग्जिक्युट करने के लिए सहारा देने के साथ-साथ सुविधा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा एंटरप्राइजेज प्रमोशन सेंटर (एचईपीसी) राज्य में नई औद्योंिगक ईकाईयां स्थापित करने तथा मौजूदा ईकाईयों के विस्तार के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम प्रदान करता है। सिंगल विन्डो सिस्टम का उद्देश्य प्रक्रियाओं को आसान बनाना है और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म द्वारा समर्थित राज्य के साथ व्यापार करने का सरलीकरण करना है। एचईपीसी का मुख्य उद्देश्य हरियाणा को एक विख्यात इन्वैस्टमेंट डेस्टिनेशन बनाना और एक गतिशील शासन प्रणाली के माध्यम संतुलित क्षेत्रीय और सतत विकास की सुविधा प्रदान करना, उद्यमशीलता का पोषण और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए नवाचार और प्रौद्योगिकी को व्यापक रूप से अपनाना और कौशल विकास करना है।
कुछ एमओयू पर भी हो सकते हैं हस्ताक्षर
उद्योग और वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह ने बताया कि भारत सरकार और हरियाणा सरकार के विभागों के सचिवों को कोरियाई निवेशकों की टीम के साथ गोल्फ खेलने के लिए आमंत्रित किया गया है, जिनमें नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव डॉ. आनंद कुमार, उद्योग तथा आंतरिक व्यापार प्रोत्साहन (डीपीआईआईटी) विभाग के सचिव, राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन की प्रमुख कॉपोर्रेट प्रोप्राईटी डॉ. अर्चना सिंह शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गोल्फ खेलने के बाद उस दिन कुछ एमओयू पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।


0 Comments