उद्योग जगत में रोजगार को बढ़ावा देने का क्या है ‘मनोहर’ प्लान, यहां जानें

उद्योग जगत में रोजगार को बढ़ावा देने का क्या है ‘मनोहर’ प्लान, यहां जानें 

July 222019, 10:43 AM
मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सपना है कि वे हरियाणा के सभी बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाएं। उन्होंने उद्योग जगत से अपील की है कि वे राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर अधिक से अधिक उपलब्ध कराएं। इस कार्य में पहल करने वाले उद्योगों को राज्य सरकार द्वारा भरपूर सहयोग दिया जाएगा। मनोहर लाल ने कहा कि सरकार का कामकाज प्राथमिकता के विषयों के आधार पर तय होता है। इन्हीं प्राथमिकताओं में युवा शक्ति को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। राज्य में हर साल करीब दो लाख युवा रोजगार की मांग करते हैं। सरकारी क्षेत्र की बात करें तो राज्य व केंद्र सरकार तथा अन्य सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा करीब 40 से 50 हजार तक युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की पूर्ति होती है, ऐसे में  लगभग ड़ेढ लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराना हमारा काम है जिसकी पूर्ति उद्योग कर सकते हैं। उद्योगों की मांग के अनुरूप हरियाणा में कुशल श्रमशक्ति तैयार करने के लिए श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय खोला गया है। यह देश में अपनी तरह का इकलौता विश्वविद्यालय है जोकि युवाओं के कौशल विकास पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित उद्यमियों को सक्षम हरियाणा पोर्टल की जानकारी सांझा करते हुए कहा कि पहले इस पोर्टल पर केवल ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट युवा ही पंजीकरण करा सकते थे किंतु अब इस पर बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण युवा भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उद्योग जगत इस पोर्टल के माध्यम से भी अपनी जरूरत के अनुसार युवाओं को रोजगार प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की उद्योग नीति में वर्णित सी एंड डी जोन में रोजगार उपलब्ध कराने पर प्रति व्यक्ति 3000 रूपए प्रति माह तीन वर्ष तक दिए जाने का प्रावधान भी है।

रोजगारपरक नीतियां तैयार करें उद्यमी 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आने वाले समय में ऐसी नीतियां तैयार करने के निर्देश दिए जो समय के अनुकूल रोजगारपरक हो। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से उद्यमियों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है जिसमें 17 विभागों द्वारा दी जाने वाली एनओसी उद्यमियों को 45 दिन में देनी अनविार्य है और यदि नहीं दी जाती है तो उसे डीम्ड माना जाएगा। 

Post a Comment

0 Comments