सीएम बोले, विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है भाजपा

सीएम बोले, विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है भाजपा
15 अगस्त के बाद प्रदेश में जल आशीर्वाद यात्रा निकालेगी सरकार 
मीडिया जंक्शन न्यूज
रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में तीन माह का समय शेष है, जिसके लिए भाजपा तैयार है। अपने संकल्प पत्र में प्रदेश के हर वर्ग की हर कठिनाई को दूर करने का संकल्प शामिल किया जाएगा, जिसके लिए सरकार अभी से प्रभावी कदम उठा रही है। जल संकट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बड़ा विषय है, जिसे केंद्र व प्रदेश सरकार गंभीरता से समझ रही है। जल संकट से निपटने के लिए जागरूकता की अलख जगाई जा रही है ताकि जल उपयोग सही प्रकार से हो। भूजल स्तर को ऊंचा उठाने के लिए एकजुट प्रयास करने होंगे। हिसार में राहगिरी कार्यक्रम के दौरान भी जल है तो कल है का संदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त के बाद प्रदेश में जल आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो आह्वान किया है कि पौधारोपण के बाद उसका पूर्ण संरक्षण व पोषण की व्यवस्था की जाए। इसके लिए स्कूली विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया है, जिसके तहत छठी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पौधारोपण की योजना चलाई गई है। छह माह बाद पौधे की समीक्षा की जाएगी जिसके आधार पर विद्यार्थियों को 50-50 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जल संरक्षण को लेकर हर कोई चिंतित है जिसमें छात्र वर्ग विशेष रूप से शामिल है। उन्होंने वर्षा के जल के संरक्षण के लिए भी योजनाबद्ध रूप से कार्य किये जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बड़ी इमारतों के लिए तो नॉर्म्स हैं कि वे वर्षा जल की रिचार्जिंग करें। एसवाईएल पर सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में हैं। आगामी तारीख 30 सितंबर लगाई है और जल्द ही एसवाईएल पर निर्णय आ जाएगा। एसवाईएल पर केंद्र को पहल करनी होगी।

Post a Comment

0 Comments