पंचतत्व में विलीन हुई स्नेहलता चौटाला, चौटाला पिता-पुत्रों को मिली 14 दिन की पैरोल
12 अगस्त 2019, 7:42 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
सिरसा। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की धर्मपत्नी स्नेहलता चौटाला सोमवार शाम पंचतत्व में विलीन हो गईं। पैतृक गांव तेजाखेड़ा में हजारों नम आंखों के बीच उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बड़े बेटे अभय चौटाला ने सोमवार शाम करीब 6.35 बजे मां की चिता को मुखाग्नि दी। इससे पहले अजय चौटाला, अभय चौटाला और दुष्यंत चौटाला ने स्नेहलता चौटाला की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम संस्कार के समय दोनों बेटों ने विधि व रीति निभाई। इस दौरान अजय और अभय चौटाला बहुत भावुक थे। अजय चौटाला तिहाड़ जेल से पैरोल मिलने के बाद हैलीेकाप्टर से सिरसा पहुंचे और वहां से तेजाखेड़ा आए। अजय को लेकर उनके पुत्र दुष्यंत चौटाला आए। तिहाड़ जेल में बंद ओमप्रकाश चौटाला सुबह ही पैरोल पर तेजाखेड़ा पहुंच गए थे। इसके बाद अजय चौटाला को भी तिहाड़ जेल से पैरोल मिली। बता दें कि स्नेहलता चौटाला का 81 वर्ष की उम्र में दिल की बीमारी से निधन हो गया था। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने रविवार को रात 8 बजकर 25 मिनट पर अंतिम सांस ली थी। शनिवार सुबह करीब सवा नौ बजे उन्हें भर्ती किया गया था। सोमवार दोपहर को पार्थिव शरीर चौटाला फॉर्म हाउस पर पहुंचा। अभय चौटाला, अजय चौटाला, दुष्यंत चौटाला, कर्ण चौटाला, अर्जुन चौटाला, दिग्विजय चौटाला समेत परिवार के सभी सदस्यों ने श्रद्धांजलि दी।




0 Comments