हिसार: इंतजार खत्म, हिसार एयरपोर्ट से 4 सितंबर को चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगा पहला विमान
पहली उड़ान में सफर करेंगे मुख्यमंत्री मनोहर लाल
चंडीगढ़, दिल्ली, हरिद्वार व देहरादून के लिए शुरू होंगी हवाई उड़ानें
27 अगस्त 2019, 7:24 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार। लो जी इंतजार की घड़ियां खत्म हुई। हरियाणा के पहले हिसार एयरपोर्ट से उड़ान का सपना अब पूरा होने का वक्त आ गया है। 4 सितंबर को हिसार एयरपोर्ट से ड़ान शुरू होने जा रही है। पहली उड़ान के सफर के गवाह बनेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल। हिसार एयरपोर्ट से पहला विमान चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगा जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी यात्रा करेंगे। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि हिसार से प्रथम चरण में चंडीगढ़, दिल्ली, हरिद्वार व देहरादून आदि स्थानों की हवाई उड़ानें जल्द शुरू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि जींद-हांसी रेल लाइन के लिए जहां 930 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट स्वीकृत करवाकर केंद्र सरकार को भिजवाया जा चुका है, जिस पर जल्द ही काम शुरू होने वाला है। उन्होंने बताया कि राज्य शहरी विकास प्राधिकरण के एक प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 6 नई नगर पालिकाओं में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन को लागू करने के प्रस्ताव कोमंजूरी दी है। इनमें नारनौंद के सिसाय व बास के अलावा चार अन्य नगर पालिकाओं सढ़ौरा, इस्माइलाबाद, जाखल मंडी व कुंडली शामिल हैं। इन नगर पालिकाओं में शहरी आजीविका मिशन के छह घटक लागू होंगे। इस योजना के लागू होने से इन शहरी क्षेत्रों का तेज गति से विकास हो सकेगा। वित्तमंत्री ने बताया कि नारनौंद में 42 नई सडकें बनवाई गई हैं। प्रत्येक गांव के लिए पेयजल परियोजना मंजूर की गई है। स्कूलों व पशु अस्पतालों के अपग्रेडेशन, सिंचाई, सडकें, अस्पताल व मंडियों सहित हर क्षेत्र में विकास कार्य करवाए गए हैं। नारनौंद हलके में बिजली की क्षमता पिछले 50 सालों के मुकाबले इन पांच सालों में दोगुनी बढ़ी है। हलके में विकास की ऐसी नींव रखी गई है जिस पर भविष्य की मजबूत इमारत खड़ी हो सके। इलाके के लोगों को आने वाले समय में बुनियादी जरूरतों के लिए तकलीफ नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मैं इलाके को 24 घंटे बिजली देना चाहता हूं। बिजली के बिलों को 43 प्रतिशत तक कम किया गया है ताकि लोग नियमित रूप से बिजली का बिल भर सकें। 24 घंटे बिजली मिलने के महत्व को समझते हुए लोगों को इस योजना को अपनाने की पहल करनी चाहिए। 24 घंटे बिजली मिलेगी तो इलाके में उद्योग-कारखाने लगेंगे जिससे युवाओं के लिए रोजगार के मार्ग प्रशस्त होंगे।


0 Comments