श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश उत्सव : नाची धरा, झूमा अंबर, गुरुमय हुआ सिरसा नगर,देखें तस्वीरें


550वां प्रकाश उत्सव। श्री गुरु नानक देव जी का राज्य स्तरीय पावन प्रकाश पर्व मनाने सिरसा में दुनियाभर से उमड़ा आलम
नाची धरा, झूमा अंबर, गुरुमय हुआ सिरसा नगर

हरियाणा, पंजाब समेत अन्य राज्यों व विदेशों से पहुंचे लाखों श्रद्धालु 
पूरे सिरसा शहर में निकाली गई नगर कीर्तन यात्रा 
उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग व हरियाणा मुस्लिम खिदमत सभा के सदस्यों ने कीर्तन यात्रा का किया स्वागत
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने श्री गुरू नानक देव जी के हुक्मनामा क्लेंडर का किया विमोचन 
हरियाणा उर्दू अकादमी की पांच पुस्तको का भी विमोचन 
कैथल में लगाई गई संत चूड़ामणि भाई संतोख सिंह की प्रतिमा का अनावरण 
सिरसा आने वाले सभी मार्गों पर दिनभर लगी रही वाहनों की लंबी कतारें 



























संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शन 
सिरसा। धरा नाच रही थी तो अंबर भी झूम-झूम के कर रहा था खुशियों का इजहार। हर तरफ हिलोरें मारता आस्था का अथाह समंदर। चहुं और से सुनाई देती सत्नाम श्री वाहेगुरु व एक ओंकार की मधुर धुन। रंग-बिरंगी वेषभूषाओं में अलग-अलग टोलियों में एक साथ जश्न मनाता सभी धर्मों के श्रद्धालुओं का कारवां। जहां तक नजर दौड़ाओ, साध-संगत ही साध-संगत। अनाज मंडी में खचाखच भरे कीर्तन व लंगर पंडाल। तिरंगे झंडों, फूलों व रंगीन झालरों से सजे वाहनों पर पूरे जोश,जज्बे व जुनून से जश्न मनाता श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब कि सिरसा शहर का जर्रा-जर्रा प्यार व आपसी भाईचारे की रोशनी से जगमगा उठा। मौका था सिरसा में आयोजित श्री गुरु नानक देव जी के राज्य स्तरीय 550वें प्रकाश उत्सव का। इस पावन अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी शिरकत की। इस पावन मौके पर उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के 550 साला प्रकाश उत्सव के दौरान लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ-साथ हरियाणा उर्दू अकादमी द्वारा प्रकाशित पांच पुस्तकों का विमोचन भी किया। वहीं इस अवसर पर उन्होंने श्री गुरू नानक देव जी के हुक्मनामा क्लेंडर का भी विमोचन किया। इस दौरान मनोहर लाल ने सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग एवं भाई वीर सिंह सदन द्वारा संयुक्त रूप से गुरू नानक देव जी के जीवन दर्शन पर लगाई गई इस प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि हमें श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज को आगे बढ़ाना होगा। इससे पूर्व रविवार सुबह शहर भर में नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। नगर कीर्तन के दौरान जहां साध-संगत आगे-आगे गलियों की सफाई करते हुए चल रही थी वहीं सेवक करतब दिखा रहे थे। उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने नगर कीर्तन का स्वागत किया वहीं हरियाणा मुस्लिम खिदमत सभा के सदस्यों ने भी नगर कीर्तन यात्रा के दौरान गुरु महाराज के पंज प्यारों का पटका पहनाकर स्वागत किया। साध-संगत के लिए लंगर व पानी की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए ट्रेफिक पंडाल भी बनाए गए थे। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष भाजपा सुभाष बराला, हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्ण देव कंबोज, विधायक सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन जगदीश चोपड़़ा, हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी के निदेशक गुरविंद्र सिंह धमीजा, सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरों, उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग, पुलिस अधीक्षक डा. अरुण सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त मनदीप कौर, संयुक्त निदेशक पंकज सेतिया, डा. कुलदीप सैनी सहित हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली,उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार व विदेशों से आए लाखों की संख्या में श्रद्घालु व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

...जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल बजाने लगे नगाड़ा 
प्रदर्शनी का थीम रबाब से नगाड़ा तक था जिसका तात्पर्य यह है कि गुरू नानक देव जी रबाब बजाकर समाज में अपना संदेश देते थे और सिखों के दसवें गुरू गुरु गोबिंद सिंह नगाड़े के माध्यम से अपना संदेश देते थे। प्रदर्शनी हाल में रबाब और नगाड़ा दोनों का प्रबंध था और इन दोनों वाद्य यंत्रों को बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत भी किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी इससे इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने पूरे जोश के साथ नगाड़ा भी बजाया। 
         
संत चूड़ामणि भाई संतोख सिंह की प्रतिमा का अनावरण 
इस दौरान उन्होंने कैथल में लगाई गई संत चूड़ामणि भाई संतोख सिंह की प्रतिमा का रिमोट के जरिए अनावरण भी किया और वीडियो कांफ्रेस के जरिए कैथलवासियों को इसकी बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि भाई संतोख सिंह का नाम विलक्षण प्रतिभाओं की उस सूची में शुमार है जिन्होंने वेदांत, सिख दर्शन, दार्शनिक चिंतन, शोध व अध्यात्म के जरिए क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी।
                   
सीएम मनोहर लाल ने इन पुस्तकों का किया विमोचन 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिन पुस्तकों का विमोचन किया उनमें डा. चंद्र त्रिखा द्वारा लिखी गई पुस्तक भाई मरदाना और रबाब, शायर महदी नज्मी द्वारा लिखित नज्रे नानक, उर्दू शायरी में गुरु नानक देव जी का तसव्वुर और त्रैमासिक पत्रिका जमनातट में गुरु नानक देव जी को समर्पित दो अंकों का विमोचन भी किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हुक्मनामा कलेंडर का विमोचन भी किया।

Post a Comment

0 Comments