8 माह पहले घर से भागकर की थी शादी, अब खाने को लेकर विवाद के बाद पत्नी ने निगल लिया जहर


8 माह पहले घर से भागकर की थी शादी, अब खाने को लेकर विवाद के बाद पत्नी ने निगल लिया जहर 

3 अप्रैल 2019, 5:00 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
यमुनानगर। स्कूल के दिनों से ही प्यार परवान चढ़ा और घर से भागकर शादी भी कर ली। लेकिन 8 माह में ऐसा क्या हो गया कि महिला को यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा। छछरौली थाना क्षेत्र के गांव जयधर में खाना खाने को लेकर पति के साथ हुए विवाद के बाद महिला ने जान दे दी। तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। विवाहिता के मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार जयधर निवासी प्रदीप का पड़ोस के ही गांव जयधरी निवासी सीता से स्कूल के दिनों से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। 21 जनवरी को दोनों ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली। सीता के परिजनों ने इस बारे में पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन जब कोर्ट में सीता के 164 के बयान हुए तो उसने खुद को बालिग बताते हुए प्रदीप के साथ रहने की बात कही थी। बृहस्पतिवार को उसका प्रदीप के साथ खाना खाने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद सीता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। मृतका के परिवार के ही कमल ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद ही सीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। उसने अपनी मां उषा को फोन पर इस बारे में बताया था। आरोप है कि सीता की सास उसे नीची जाति की वजह से ताने देती थी। यहां तक कि उसके साथ मारपीट भी होती थी। मां उषा उससे मिलने आई, लेकिन उसे मिलने नहीं दिया गया। सीता ने बृहस्पतिवार सुबह ही जहर निगल लिया था, लेकिन ससुराल वालों ने किसी को कुछ नहीं बताया। रात को जब उसकी मौत हो गई तो थाने से ही उन्हें पता लगा। आरोप है कि सीता को उसके पति प्रदीप, ससुर इलम चंद, सास व देवर संदीप ने जहर देकर मारा है। वहीं जयधर के ग्रामीणों ने बताया कि प्रदीप बेहद गरीब परिवार से है। उनके पास कोई जमीन भी नहीं है। अभी उसने दादूपुर हेड पर रेहड़ी लगाना शुरू किया था। जब प्रदीप ने सीता से शादी की तो परिवार बेहद खुश था। उन्होंने कभी भी इस शादी को ऊंच नीच की नजर से नहीं देखा। सीता की सास उसे बेटी की तरह समझती थी। उनके बीच मामूली विवाद तला हुआ खाना खाने को लेकर हुआ था। इस मामले में ग्रामीणों ने एसपी से भी मिलने की बात कही है। छछरौली थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों के शिकायत पर प्रदीप, उसके पिता, भाई और मां के खिलाफ दहेज हत्या व एससी-एसटी के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपित फरार है जिसे जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। 

Post a Comment

0 Comments