रिटायर्ड कर्मचारियों के काम की खबर, अब ई-पीपीओ के रूप में जारी होगा पेंशन पेमेंट आर्डर (पीपीओ)
3 अगस्त 2019, 5:06 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सेवानिवृत सरकारी कर्मियों को पेंशन पेमेंट आर्डर (पीपीओ) को ई-पीपीओ के रूप में जारी करने का निर्णय लिया है और इस प्रक्रिया को शुरूआत में राज्य सरकार के तीन खजाना कार्यालयों में पायलट आधार पर शुरू किया गया है। वित्त विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि ई-पीपीओ परियोजना को चण्डीगढ के खजाना कार्यालय, पंचकूला के खजाना कार्यालय और करनाल के खजाना कार्यालय में पायलट आधार पर शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पेंशन संवितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने की आवश्यकता है और इसलिए प्रधान महालेखाकार (लेखा व हकदारी), हरियाणा, चण्डीगढ द्वारा सेवानिवृत सरकारी कर्मियों के पेंशन पेमेंट आर्डर्स (पीपीओ) को ई-पीपीओ के रूप में जारी करने का प्रस्ताव दिया गया है। इस प्रस्ताव पर प्रधान महालेखाकार (लेखा व हकदारी), हरियाणा, चण्डीगढ से चर्चा की गई और यह पाया गया है कि ई-पीपीओ के जारी होने की प्रक्रिया से सेवानिवृत सरकारी कर्मियों को पेंशन पेमेंट आर्डर जारी करने में तेजी आएगी।


0 Comments