हरियाणा की उपलब्धियों की कहानी, पढ़ें राज्यपाल सत्यदेव नारायण की जुबानी


हरियाणा की उपलब्धियों की कहानी, पढ़ें राज्यपाल सत्यदेव नारायण की जुबानी 



 25 अगस्त 2019, 4:37 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। प्रवीन कम्बोज
चंडीगढ़। हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। हरियाणा प्रतिव्यक्ति आय, औद्योगिक उत्पादन, आटोमोबाइल इंडस्ट्रीज, विदेशी निवेश, शिक्षा, खेल, सेना, कृषि, परिवहन व पशुधन आदि क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बन गया है। इज आॅफ डुइंग बिजनेस में हरियाणा देश में तीसरे स्थान पर और उत्तर भारत में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश अब कैरोसिन मुक्त व खुले में शौचमुक्त राज्य बन चुका है। राज्य में सडकों व रेलमार्गों के साथ-साथ मेट्रो रेल का विस्तार हो रहा है। कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे का भी उद्घाटन हो चुका है। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण ने बताया कि आज देश की सेना में हर दसवां सैनिक हरियाणा से है। पिछले दिनों सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राईक व एयर स्ट्राईक में भी हरियाणा के जवानों की अहम भूमिका रही। हरियाणा सरकार ने शहीद सैनिक परिवारों की अनुग्रह राशि बढ़ाकर 50 लाख रुपए की है। प्रदेश में शहीदों के 292 आश्रितों/परिजनों को सरकारी नौकरी भी प्रदान की गई है।

37 विभागों की 485 सेवाएं आनलाईन,1800 गांवों में बने सचिवालय
राज्यपाल ने बताया कि आमजन को सभी सरकारी सुविधाएं एक छत के नीचे उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 37 विभागों की 485 सेवाएं आनलाईन की गई है। नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सीएम विंडो के माध्यम से 5 लाख 68 हजार शिकायतों का निपटारा किया गया है। इसके साथ-साथ 1800 गांव में सूचना प्रौद्योगिकी युक्त ग्राम सचिवालय भी स्थापित किए गए हैं। हरियाणा में आज पर्याप्त बिजली उपलब्ध है। गांवों में 24 घंटे बिजली देने के लिए म्हारा गांव-जगमग गांव योजना लागू की गई है।  इस योजना के तहत प्रदेश के 3736 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। प्रदेश में किसानों के लिए फसल बीमा योजना लागू की गई है।  इस योजना के तहत किसानों को 2662 करोड 26 लाख रुपए का मुआवजा दिया गया है।  भावान्तर भरपाई योजना के तहत सब्जियों के न्यूनतम भाव निर्धारित करवाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। किसानों की सिंचाई की जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी टेलों पर पानी पहुंचाया गया है।


खाद्यान्न उत्पादन में भी देशभर में दूसरे नंबर पर है हरियाणा
राज्यपाल ने बताया कि खाद्यान्न उत्पादन में हरियाणा का देश में दूसरा स्थान है। प्रदेश में किसानों को गन्ने का 340 रुपए प्रति किवंटल भाव दिया गया है जो देश में सर्वाधिक है। हमारे किसानों ने दूध व खाद्यान्न उत्पादन में नए रिकार्ड बनाए हैं। प्रतिव्यक्ति दुग्ध उत्पादन में हरियाणा दूसरे स्थान पर है। हरियाणा प्रदेश में खेल-संस्कृति विकसित करने के लिए नई खेल नीति लागू की गई है। हरियाणा प्रदेश अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भारत की शान बढ़ाने वाला राज्य है।  प्रदेश सरकार ने ह्यहरियाणा कौशल विकास मिशन के तहत हर साल एक लाख 15 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा है।  सक्षम युवा बेरोजगार योजना के तहत अब तक 75 हजार 909 युवाओं को विभिन्न विभागों में कार्य दिया गया है। प्रदेश में 70 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई है और 20 हजार से भी ज्यादा नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू है। प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा गया है।


हर परिवार को घर देने के लिए 18 हजार 512 नए फ्लैट्स तैयार
प्रदेश में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के बड़े उत्साहजनक परिणाम पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने बताया कि वर्तमान में राज्य में जन्म के समय लिंगानुपात 924 हो गया है। बेटियों को उच्च शिक्षा के साधन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 151 रूटों पर अलग बसें चलाई गई हैं। हरियाणा सरकार द्वारा पंक्ति में खड़े अंतिम गरीब व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया है।  प्रदेश में उज्ज्वला योजना के तहत 8 लाख 79 हजार गैस कनैक्शन दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 2022 तक हर परिवार को घर मुहैया करवाने के सपने को साकार करने के लिए 18 हजार 512 नए फ्लैट्स बनाए गए हैं। अनुसूचित जातियों व पिछड़े वर्ग के 5 लाख से भी अधिक छात्रों को डा. अम्बेडकर मेधावी योजना व पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति योजना के तहत छात्रवृति प्रदान की गई है। भौतिक विकास के दौर में हमने अपनी सांस्कृतिक धरोहर को भी सुरक्षित रखा है।  गीता जयंती उत्सव अब कुरूक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसी वर्ष फरवरी माह में मॉरीशस में और पिछले सप्ताह लन्दन (इंग्लैंड) में भी गीता महोत्सव का आयोजन किया गया।


Post a Comment

0 Comments