आज धूमधाम से मनाई जा रही है हरियाली तीज,जानें क्या है इसका महत्व
मीडिया जंक्शन न्यूज, 3 अगस्त 2019, 8:55AM
नई दिल्ली। देशभर में आज हरियाली तीज धूमधाम से मनाई जा रही है। मान्यता है कि तीज का त्यौहार श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को सौभाग्य और मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए मनाया जाता है। श्रावण में होने के कारण, जबकि चारों तरफ हरियाली होती है, इसको हरियाली तीज कहा जाता है। माना जाता है कि इसी दिन मां पार्वती ने भगवान शिव को अपनी कठोर तपस्या से प्राप्त किया था। वृक्ष, नदियों तथा जल के देवता वरुण की भी उपासना इस दिन की जाती है। इस दिन संयुक्त रूप से भगवान शिव और पार्वती की उपासना करनी चाहिए.
शीघ्र विवाह से इसका क्या संबंध है ?
- वास्तव में तीज का संबंध शीघ्र विवाह से ही है।
- अविवाहित कन्याओं को इस दिन उपवास रखकर हर-गौरी की पूजा विशेष रूप से करनी चाहिए।
- कुंडली में कितने भी बाधक योग क्यों न हों, इस दिन की पूजा से नष्ट किए जा सकते हैं।
- इसका सम्पूर्ण लाभ तभी होगा, जब अविवाहिता इस उपाय को स्वयं करें।
इस दिन का पूजा विधान क्या है ?
- इस दिन दिनभर उपवास रखना चाहिए तथा श्रृंगार करना चाहिए।
- श्रृंगार में मेहंदी और चूड़ियों का जरूर प्रयोग करना चाहिए।
- सायंकाल शिव मंदिर जाकर भगवान शिव और मां पार्वती की उपासना करनी चाहिए।
- वहां पर घी का बड़ा दीपक जलाना चाहिए।
- संभव हो तो मां पार्वती और भगवान शिव के मंत्रों का जाप करें।


0 Comments