मुसाफिर हो तुम भी, मुसाफिर हैं हम भी, किसी मोड़ पर फिर मुलाक़ात होगी...


मुसाफिर हो तुम भी, मुसाफिर हैं हम भी, किसी मोड़ पर फिर मुलाक़ात होगी...

मानसून सत्र के पहले दिन शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने विपक्षियों पर जमकर छोडे़ व्यंग्य-बाण


3 अगस्त 2019, 5ः38AM
मीडिया जंक्शन न्यूज
 चंडीगढ़। संसदीय कार्य एवं शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विपक्षियों पर जमकर व्यंग्य-बाण छोड़े। कभी कांग्रेसी विधायक रघबीर कादयान पर तो कभी इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला पर शेरो-शायरी तथा अपने चुटीले अंदाज से निशाना साधा। सबको मालूम है कि जब-जब विधानसभा में सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच किसी मुद्दे को लेकर तल्खी बढ़ती दिखाई देती है तो संसदीय कार्य मंत्री श्री राम बिलास शर्मा खड़े होकर कोई ऐसी बात कह देते हैं जिससे विधानसभा में माहौल हलका-फुलका हो जाता है। आज भी जब कांग्रेस के विधायक किसी मुद्दे पर विधानसभा से वॉकआऊट कर रहे थे तो श्री शर्मा ने उनसे पूछा कि जाते-जाते यह तो बताते जाओ, आखिर किस मुद्दे पर वॉकआऊट कर रहे हो। जब कांग्रेसी विधायक रघबीर कादयान ने मुद्दे को बताना चाहा तो श्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि आपने और हमने तो चौधरी देवीलाल के साथ एक साथ काम किया है, साथ ही यह जोड़ा कि अभय चौटाला को भी हमारी बात मान लेनी चाहिए , अब धीरे-धीरे मान भी रहे हैं। इतना कहते ही सदन में खूब ठहाके लगे। रघबीर कादयान ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है, कुर्सियों पर बैठे व्यक्ति कभी यहां वाले वहां चले जाते हैं,कभी वहां वाले यहां आ जाते हैं। उनकी बात पर दहला मारते हुए शिक्षा मंत्री  रामबिलास शर्मा ने कहा कि आप अब उन कुर्सियों पर चले गए हैं, वहां से सीधा रास्ता (विजिटर गैलरी की तरफ इशारा करते हुए) उस तरफ जाता है। जब रघबीर कादयान भी विधानसभा से बाहर जाने लगे तो श्री शर्मा ने उनको इंगित करते हुए प्रसिद्घ शायर बशीर बद्र का शेर सुनाया, ‘चिरागों को आंखों में महफूज रखना, बड़ी दूर तक रात ही रात होगी। मुसाफिर हो तुम भी, मुसाफिर हैं हम भी, किसी मोड़ पर फिर मुलाक़ात होगी’॥ 

Post a Comment

0 Comments