सीवन को मिली मनोहर सौगात, बनेगी नगर पालिका
25 अगस्त 2019, 7:30 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन
कैथल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सीवन में नगर पालिका बनाई जाएगी जिससे यहां अधिक विकास कार्य होंगे और खर्च भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने सीएम विन्डो पर अब तक प्राप्त 6 लाख शिकायतों का निपटारा किया है। इसके अलावा, प्रदेश में हर परिवार का पहचान पत्र बनाया जा रहा है जिसमें परिवार के हर सदस्य की पूरी जानकारी होगी। सीएम ने कहा कि कोई अधिकारी या कर्मचारी भ्रष्टाचार न करे, इसके लिए सोशल आॅडिट सिस्टम लागू किया जाएगा ताकि आम लोगों की भागीदारी हो और जो धन आये वह पूरा विकास के काम में लगे। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि अच्छी आय वाले लोग भी विकास के काम में भागीदार बनें ताकि क्षेत्र का विकास हो। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले 5 सालों में पूरी लगन व निष्ठा के साथ काम किया है और हरियाणा की जनता, जो उनका परिवार है, की सेवा की है। हमारी सरकार ने विकास के अनेक काम किये हंै, साथ ही लोगों की सुख-सुविधा के लिये योजनाएं बनाई हैं ताकि लोगों को जल्द से जल्द सेवायें मुहैया हो सकें। उन्होंने कहा कि हमने अधिक से अधिक सेवाओं को आॅनलाइन करने का काम किया है ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और इसी कड़ी में अटल सेवा केंद्र, अंत्योदय केंद्र व ई दिशा केन्द्र खोले गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने समाज सुधार का काम भी किया है, चाहे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम हो, नशामुक्ति अभियान हो, पानी बचाने का काम हो और चाहे पेड़ लगाने का काम हो। इसी प्रकार, हमारी सरकार ने किसानों, छोटे दुकानदारों के अलावा अन्य वर्गों के लिऐ भी काम किये हंै, ताकि इनका जीवन सुखद हो। उन्होंने कहा कि गुहला चीका में 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाये गए हंै जिनमें सडकों को पक्का करवाना, लड़कियों का कॉलेज खोलना और मारकंडा डिस्ट्रीब्यूरी बनवाना शामिल है। गुहला में घग्घर नदी पर 10 करोड़ 32 लाख रुपये की राशि से पुल का निर्माण तथा 7 करोड़ 49 लाख रुपये की राशि से कमहेड़ी से हरनौली मार्ग वाया बाउपुर का सुदृढ़ीकरण व विस्तारीकरण किया गया। इसी प्रकार, गुहला-खरकां सडक की मरम्मत के कार्य पर 5 करोड़ 59 लाख रुपये, पहाड़पुर माईनर की रिमॉडलिंग व मरम्मत पर 7 करोड़ 44 लाख रुपये, मारकंडा डिस्ट्रीब्यूटरी पर बॉक्स टाईप रैक्टेंगुलर के निर्माण पर 5 करोड़ 22 लाख रुपये किए गए हैं। इसके अलावा, लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से महिला महाविद्यालय की स्थापना की गई तथा 8 करोड़ की लागत से मारकंडा डिस्ट्रीब्यूटरी पर मरम्मत का कार्य किया गया है तथा पहाड़पुर माईनर की पुनर्स्थापना पर 8 करोड़ 11 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गुहला चीका में विभिन्न विकास कार्य पाइप लाइन में हैं जिन्हें जल्द ही पूरा करवाया जाएगा।


0 Comments