हरियाणा में 20 हजार युवाओं को रोजगार देगी यह कंपनी


हरियाणा में 20 हजार युवाओं को रोजगार देगी यह कंपनी 


25 अगस्त 2019, 2: 00 PM
मीडिया जंक्शन । प्रवीन कम्बोज
चंडीगढ़। प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार प्रदान करने की दिशा में हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों के साथ तीन समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किए हैं, जिनमें जैक्वार कंपनी, अर्बनक्लैप कंपनी तथा मेधा लर्निंग फाउंडेशन व उद्यम लर्निंग फाउंडेशन शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में हरियाणा सरकार के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा निजी क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों से समझौता  ज्ञापनों की सतत प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा नई दिल्ली में खेल गाँव में विभिन्न तीन समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किए गए। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में अर्बनक्लैप कंपनी के साथ एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया। अर्बनक्लैप  कंपनी प्रशिक्षित विद्यार्थियों को रोजगार हेतु आनलाइन पंजीकृत कर लघु समयावधि के प्रशिक्षण देगी और रोजगारों के अवसर प्रदान करेगी। वर्ष 2020 तक अबनक्लैप कंपनी लगभग 20 हजार प्रशिक्षित युवाओं को पंजीकृत करेगी। अर्बनक्लैप के महानिदेशक हिमांशु अरोड़ा का कहना है कि हरियाणा में कौशल प्रतिभाओं तक पहुँचकर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाया जाना लक्ष्य है। प्लंबिंग के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में इस क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी जैक्वार के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया। जैक्वार कंपनी अब औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पानीपत में प्रयोगशाला में नवीन तकनीकों से युक्त उपकरण स्थापित करेगी। प्रयोगशाला के आधुनिकीकरण से विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। जैक्वार के प्रमुख कंवर समशेर का कहना है कि चालू वित्त वर्ष के दौरान हरियाणा में लगभग पांच सौ युवाओं को आधुनिक तकनीक युक्त प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार प्राप्त करने में सक्षमता के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की दिशा में मेधा लर्निंग फाउंडेशन व उद्यम लर्निंग फाउंडेशन के साथ एक समझौता हस्ताक्षरित किया गया। मेधा लर्निंग फाउंडेशन व उद्यम लर्निंग फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों व शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण व मार्गदर्शन दिया जाएगा। मेधा लर्निंग फाउंडेशन के व्योमकेश मिश्रा का कहना है कि बेहतर प्रशिक्षक तैयार किए जाएंगे।
हरियाणा मीडिया जंक्शन Haryana Media Junction

Post a Comment

0 Comments