हिसार मीडिया सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे कॉन्फेड चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र


हिसार मीडिया सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे कॉन्फेड चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र

6 अगस्त 2019, 1:55 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज


हिसार। मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी व कॉन्फेड चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र ने आज लघु सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर का दौरा किया। उन्होंने यहां मौजूद पत्रकारों से बातचीत की और मीडिया सेंटर में पत्रकारों के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं का निरीक्षण किया। चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र आज लघु सचिवालय के चतुर्थ तल पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय के साथ बनाए गए मीडिया सेंटर पहुंचे। उन्होंने डीआईपीआरओ पारू लता व मीडिया सेंटर में मौजूद पत्रकारों से यहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
डीआईपीआरओ पारू लता ने चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र को बताया कि प्रदेश सरकार ने जिस सोच व स्वप्न के साथ डेढ़ वर्ष पूर्व प्रदेश के सभी जिलों में मीडिया सेंटर स्थापित किए थे, वह अपने उद्देश्यों की पूर्ति करने में सफल साबित हो रहे हैं। यहां मीडिया कर्मियों के लिए तेज इंटरनेट सुविधा से युक्त कंप्यूटर लगवाए गए हैं और पत्रकारों की सुविधा के लिए एलईडी टेलीविजन व सोफा-सेट आदि उपलब्ध करवाए गए हैं। चेयरमैन कैप्टन भूपेंद्र ने मीडिया सेंटर में मौजूद पत्रकारों से बातचीत की और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में सरकार ने मीडिया कर्मियों को भी अछूता नहीं रखा है औरउनके लिए मीडिया सेंटर के माध्यम से एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इस अवसर पर उनके साथ कर्नल संजीव, निगरानी समिति अध्यक्ष कपूर सिंह बेनीवाल, सुभाष मैयड़, अंकित, मनोज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments