हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में बड़े परिवर्तन की तैयारी में हुड्डा
ऐतिहासिक होगी 18 अगस्त को रोहतक में आयोजित होने जा रही महापरिवर्तन रैली
पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आज पानीपत के लोगों को दिया रैली का न्यौता
11 अगस्त 2019, 5:45 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
पानीपत। 18 अगस्त को रोहतक में आयोजित होने जा रही महापरिवर्तन रैली शायद हरियाणा में किसी बड़े परिवर्तन का संकेत दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के रैली के संबंध में तैयार करवाए गए पोस्टरों से गांधी परिवार व अन्य कई बड़े कांग्रेसी नेताओं का नदारद होना किसी बड़ी उथल-पुथल की और ईशारा कर रहा है। जिस तरह से रैली का नाम महापरिर्वतन रैली दिया गया है, उससे साफ जाहिर होता है कि पूर्व सीएम हुड्डा किसी बड़े परिवर्तन की तैयारी में हैं। अब यह परिवर्तन क्या हो सकता है, क्या वे नया राजनीति दल बनाने की घोषणा करेंगे, या फिर कांग्रेस पार्टी में ही हाईकमान के समक्ष कोई बड़ी शर्तें रखेंगे। फिलहाल इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। 18 अगस्त को तस्वीर साफ हो ही जाएगी कि आखिर इस महापरिवर्तन रैली के मायने क्या हैं। फिलहाल इस महापरिवर्तन रैली को लेकर हुड्डा खेमे के कांग्रेसी कार्यकर्ता जी-जान से प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा भी रोजाना अलग-अलग इलाकों में जनसभाएं कर लोगों को इस महापरिवर्तन रैली का न्यौता दे रहे हैं। आज पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा पानीपत पहुंचे व यहां के लोगों को इस महापरिवर्तन रैली का न्यौता दिया। उनकी जनसभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सभी ने एक स्वर में कहा कि जहां भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वहीं हम। इस अवसर पर हजारों की तादाद में कांग्रेसी कार्यकर्ता व आमजन मौजूद रहे।



0 Comments