हरियाणा : चौपटा इलाके में खत्म होगी सेम समस्या, 17 करोड़ जारी, मंगाला डिस्ट्रीब्यूटरी का होगा विस्तार
07 सितंबर 2019, 9:16 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
नाथुसरी चौपटा/सिरसा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ऐलनाबाद में सेम की समस्या को समाप्त करने के लिए सरकार ने 17 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार सेम की समस्या को दूर करने के लिए चिंतित है और कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंगाला डिस्ट्रीब्यूटरी को आगे बढ़ाया जाएगा और इस पर प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री गत दिवस यहां जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान ऐलनाबाद में नाथूसरी चौपटा, जमाल चौक व माधोसिंघना में विशाल जनसभायों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये इलाका किसानों का है और यहां पर सेम की समस्या है इस सेम की समस्या को समाप्त करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने किसानों के सहकारी समितियों के कर्जों पर ब्याज और जुमार्ने को माफ करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को लगभग 4750 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी।उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने गरीबों के लिए मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना को भी लागू किया है इसके तहत सालाना 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता ऐसे गरीब परिवारों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने हर घर में गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम किया है और यदि किसी व्यक्ति के घर आज भी गैस सिलेंडर नहीं है तो ऐसे परिवार को 48 घंटे के भीतर गैस सिलेंडर मुहैया करवाया जाएगा। सीएम ने कहा कि इस इलाके में नरमा में सफेद मक्खी का आक्रमण हुआ था उसके मुआवजे के तौर पर सरकार ने 700 करोड़ रुपये की राशि जारी की थी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले 5 सालों के दौरान और पारदर्शी तरीके से सरकार को चलाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने लगातार विकास कार्य किए हैं और लोगों को सुविधा देने का काम किया है इसी कड़ी में जगह-जगह कंप्यूटर सेंटर, अटल सेवा केंद्र, अंतोदय केंद्र इत्यादि खोले हैं । उन्होंने कहा कि सीएम विंडो को स्थापित किया जिस पर लगभग साढे छह लाख शिकायतें प्राप्त हुई और इन शिकायतों में से 5 लाख 80 हजार शिकायतों का निपटारा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिना पर्ची व खर्ची के युवाओं को नौकरियां देने का काम किया है और दलालों और बिचौलियों को खत्म किया है। इस वजह से आज ही विपक्ष बौखलाया हुआ है उनकी पार्टियां बंट चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बहुत से विकास कार्य किए हैं और यह विकास कार्य हरियाणा की ढाई करोड़ जनता, जो उनका परिवार है उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए किए हैं।इस मौके पर सांसद सुनीता दुग्गल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बनवारी लाल, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन पवन बेनीवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


0 Comments