हरियाणा महाभरत-2019 : भाजपा का कल कुरुक्षेत्र में महामंथन,कांग्रेस भी जल्द जारी करेगी पहली सूची
15 सितंबर 2019, 7:57 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार/चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने ही वाला है। सभी पार्टियों के नेता इन दिनों मंथन में जुटे हैं। 2019 की चुनावी महाभारत में विजय पताका फहराने के लिए भाजपा भी कल कुरुक्षेत्र में मंथन करेगी वहीं कांग्रेस भी जल्द ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। कांग्रेस ने आज से प्रदेश में महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी है जो कि 21 सितंबर तक चलेगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में कल 16 सितंबर को होने जा रही बैठक में वर्करों व पदाधिकारियों के साथ विस चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। वहीं कांग्रेस ने भी श्राद्धों के सात दिनों में पूरे हरियाणा के वर्करों में ऊर्जा भरने का बीड़ा उठाया है। इसके बाद स्टेट लेवल की बड़ी बैठक का आयोजन करने की योजना है। कुरूक्षेत्र में होंगे। प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी के करनाल, पानीपत, कैथल और कुरुक्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जबकि इसी दिन रादौर में पिछड़ा वर्ग का सम्मेलन भी होगा। धर्म नगरी में होने वाले इस आयोजन का महत्व और भी अधिक हैं, क्योंकि श्राद्ध लग चुके हैं। जबकि 17 सितंबर को भी उनका हरियाणा के बहादुरगढ़ में प्रवास है। दोनों दिनों में वे चुनावी रणनीति बनाएंगे। जिन 43 सीटों पर भाजपा वर्ष 2014 के विधानसभा चुनावों में हारी थी, उनकी रणनीति भी तैयार होगी। पार्टी हर हाल में चुनावी जंग में जीतना चाहती है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के अनुसार जैसे ही चुनावी आचार संहिता लगेगी, तुरंत पार्टी की चुनाव समिति की बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें आगामी रणनीति तैयार होगी। प्रत्याशियों की पहली सूची कब जारी होगी, यह फिलहाल तय नहीं किया गया है।
कांग्रेस ने भी गठित की स्क्रीनिंग कमेटी
हरियाणा विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस न भी स्क्रीनिंग कमेटी का गठन कर दिया है। इसमें बतौर चेयरमैन मधुसुदन मिस्त्री को नियुक्त किया गया है। जबकि सदस्यों में दीपा दास मुंशी, देवेंद्र यादव, गुलाम नबी आजाद, कुमारी शैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को शामिल किया गया है। पिछले कई दिनों से स्क्रीनिंग कमेटी को लेकर मंथन चल रहा था। अब पार्टी प्रदेश की सभी 90 सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन करेगी। सूत्रों का कहना है कि अगले 10 दिनों में पहली सूची जारी हो सकती है।
21 सितंबर के बाद नई रणनीति तैयार करेगी कांग्रेस
हरियाणा कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा के अनुसार पार्टी के वर्करों में ऊर्जा भरने के लिए आज से हरियाणा में महाजनसंपर्क अभियान शुरु किया है। 21 सितंबर तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। फिर नई रणनीति तैयार करेंगे। पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने वालों के आवेदन चंडीगढ़ और नई दिल्ली में तेजी से आ रहे हैं, प्रत्याशियों की पहली सूची भी जल्द तैयार होगी। इससे पूर्व बैठक का आयोजन किया जाएगा।


0 Comments